गाजीपुर जिला कारागार में 105 बंदियों ने किया योग, तनाव कम करने के तरीके बताए गए
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिला कारागार में शनिवार सुबह बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य से एक योग शिविर का आयोजन किया गया। जेल अधीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे के निर्देश पर हुए इस शिविर में कुल 105 बंदियों ने योगाभ्यास किया, जिनमें 10 महिला और 95 पुरुष बंदी शामिल थे।
शिविर की शुरुआत ओम और गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई। इसके बाद एरोबिक्स संगीत और व्यायाम के माध्यम से बंदियों को योगाभ्यास कराया गया। राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज रौजा की योग विशेषज्ञ प्रतिक्षा पाण्डेय, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय महाहर के योग प्रशिक्षक धीरज राय और सैय्यद सलमान हैदर ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को हाथ-पैर और गर्दन की सूक्ष्म क्रियाओं के साथ सूर्य नमस्कार, भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और भुजंगासन का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और तनाव कम करने के तरीके भी बताए।
जेलर शेषनाथ यादव ने बंदियों को योग के महत्व और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। इस योग शिविर में जेल के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे।
