गाजीपुर में राजस्व-पुलिस टीम ने हटवाया अतिक्रमण, 26 साल बाद मिला जमीन का कब्जा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह कस्बे में 26 साल पुराने एक भूमि विवाद का समाधान हो गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व और पुलिस टीम ने शुक्रवार को मरदह-कासिमाबाद तिराहे पर अवैध कब्जा हटवाकर भूमि स्वामी को उसकी जमीन का कब्जा दिलाया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा रही।
मरदह निवासी डॉ. सुग्रीव सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2000 में इस जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। नियमानुसार जमीन का दाखिल-खारिज भी हो गया था, लेकिन कुछ लोगों ने गुमटी और टिन शेड आदि रखकर इस पर अवैध कब्जा कर लिया था।
डॉ. सिंह पिछले 26 वर्षों से अपनी जमीन पर अधिकार पाने और अतिक्रमण हटवाने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। उनके लंबे प्रयासों के बावजूद जमीन से कब्जा नहीं हट पा रहा था।
वर्तमान जिलाधिकारी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया और आवश्यक आदेश जारी किए। इसके बाद नायब तहसीलदार निथिलेश कुमार कासिमाबाद के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम ने जमीन पर रखी गुमटियों और टिन शेड को हटवाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान मरदह, बिरनो और नोनहरा थाने का पुलिस बल सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। प्रशासनिक कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। लंबे इंतजार के बाद अपनी जमीन का कब्जा मिलने पर डॉ. सुग्रीव सिंह ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
