गाजीपुर में बाइक चोरी करते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, 3 फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर थाना क्षेत्र के सतरामगंज बाजार में रविवार को बाइक चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे गहमर पुलिस को सौंप दिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि दानापुर, बिहार के चार युवक सतरामगंज बाजार में एक शराब की दुकान के पास पहुंचे थे। उन्होंने बाजार की मुख्य सड़क पर खड़ी एक बाइक को निशाना बनाया और कथित तौर पर मास्टर चाबी से उसका लॉक खोलने का प्रयास किया।
इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने की भनक लगते ही उसके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने गहमर थाना की सेवराई पुलिस चौकी को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। सतरामगंज बाजार और तहसील परिसर के आसपास पहले भी कई बाइक चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद पुलिस गंभीर नहीं दिख रही है।
उन्होंने बाजार और तहसील क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ कोई लिखित शिकायत (तहरीर) न मिलने के कारण अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
