Today Breaking News

गाजीपुर में सिलेंडर बदलने के बहाने घर में घुसे बदमाश, महिला से 40 हजार रुपये लूटे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सादात थाना क्षेत्र के बिजरवां गांव में बदमाशों ने सिलेंडर और पाइप बदलने वाले बनकर एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात लुटेरों ने अकेली महिला का मुंह दबाकर और हाथ बांधकर बक्से से 40 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
पीड़ित महिला आशा देवी पत्नी राधे निवासी बिजरवां के अनुसार, यह घटना 10 अगस्त सोमवार को सुबह करीब 10.30 से 11 बजे के बीच हुई। दो युवक उनके घर पहुंचे और खुद को गैस एजेंसी से आया हुआ बताया। उन्होंने महिला से छोटा सिलेंडर बड़े सिलेंडर से बदलने को कहा।

जब आशा देवी ने पैसे न होने की बात कहकर मना किया, तो युवकों ने दरवाजा खुला पाते ही घर में प्रवेश कर लिया। एक बदमाश ने तुरंत महिला का मुंह दबा लिया, जबकि दूसरे ने उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें से 40 हजार रुपये निकाल लिए। बदमाशों ने महिला को धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया, जिससे पड़ोसी इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

चौकी इंचार्ज मखदुमपुर संतराम यादव ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस टीम आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना आईडी कार्ड दिखाए किसी भी सर्विस वाले को घर के अंदर न आने दें।