गाजीपुर में मारकंडेय महादेव जलाभिषेक करने जा रहे दो दोस्तों की मौत, एक की हालत गंभीर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में रविवार की रात करीब 10 बजे मारकंडेय महादेव धाम जा रहे बाइक सवार तीन दोस्तों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायल को एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचा।
जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। यह पूरा मामला जिला मुख्यालय से 35 किमी की दूरी पर सैदपुर कोतवाली का है। उचौरी गांव निवासी लालू यादव (25) पुत्र संजय यादव, आकाश यादव (25) पुत्र सुनील यादव और राजू यादव (27) पुत्र फूलचंद यादव एक ही बाइक से सोमवार को जलाभिषेक करने मारकंडेय महादेव धाम जा रहे थे। औड़िहार के पास हाईवे पर टर्न लेते समय उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी सैदपुर लाया गया। यहां डॉक्टरों ने आकाश और राजू को मृत घोषित कर दिया। जबकि लालू का प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालत में वाराणसी के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक आकाश तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। घर पर रहकर खेती-बाड़ी करता था। उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। पत्नी आरती गर्भवती है और अगले कुछ महीनों में प्रसव होना है। हादसे की सूचना मिलते ही सीएचसी पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। राजू मुंबई में मजदूरी करता था। पत्नी के प्रसव के लिए वह करीब दो सप्ताह पहले ही घर आया था। राजू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। करीब 10 दिन पहले ही उसकी पत्नी प्रीति ने बेटे आरव (3) के बाद एक बेटी को जन्म दिया था। हादसे में राजू की मौत की खबर से पत्नी प्रीति और मां कुसुम देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में मातम पसरा है।
वहीं, सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेजा जा रहा है। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
