गाजीपुर में शराब तस्कर गिरफ्तार, 42 पाउच अवैध देशी शराब बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर थाना पुलिस ने सोमवार को बिहार सीमा पर अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 42 पाउच अवैध देशी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाजीपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी जमानियां के पर्यवेक्षण में देवल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवपूजन अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर लहना तिराहे से लगभग 100 मीटर पहले एक व्यक्ति को पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम शायर निवासी पन्तू चौधरी (41) पुत्र राजनाथ चौधरी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से 42 पाउच देशी शराब 'ब्लू लाइम टेट्रा पैक' बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को सोमवार सुबह 10:50 बजे हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मु0अ0सं0 170/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
इस गिरफ्तारी अभियान में देवल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवपूजन के साथ कांस्टेबल जुगुनू सोनकर, कांस्टेबल अनिकेत वर्मा और कांस्टेबल हिमांशु सिंह शामिल थे।
