Today Breaking News

गाजीपुर में नाबालिग के अपहरणकर्ता 25 हजार के इनामी को पुलिस ने पैर में गोली मारकर दबोचा, साथी फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में रविवार की रात में नाबालिग का अपहरण करने वाले बदमाश को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगते ही घायल होकर जमीन पर गिर गया। जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश को हिरासत में लेकर पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया। बदमाश के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बाइक बरामद किया है। यह पूरा मामला मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है।

मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह अपने पुलिस टीम के साथ रविवार की रात में गश्त पर निकले थे। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ के पास अपाचे बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर कठवा मोड़ की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर घेराबंदी शुरू की। गौसपुर हवाई पट्टी के पास दोनों को घेर लिया गया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। जबकि मुठभेड़ के दौरान उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए बदमाश की पहचान मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बढ़ईपुर निवासी विजयी (34) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जबकि विजयी के फरार साथी के ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।