Today Breaking News

गाजीपुर में ड्राइवर को झपकी आने से हादसा, खाई में गिरी कार, 6 घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह थाना क्षेत्र में रविवार को हैदरगंज स्थित यशराज ढाबे से करीब 200 मीटर आगे फोरलेन मार्ग पर एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार करीब आधा दर्जन लोगों को हल्की चोटें आईं। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के रेनी निवासी आधा दर्जन दोस्त अर्टिगा कार से विंध्याचल दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे। हैदरगंज के पास पहुंचने पर चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार सवारों को बाहर निकाला गया। बाद में क्रेन की सहायता से खाई में गिरी कार को बाहर निकाला गया। टक्कर और गिरने से कार को काफी नुकसान हुआ, लेकिन सभी सवारों को केवल मामूली चोटें आईं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

मरदह थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि उन्हें फिलहाल हादसे के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।