गाजीपुर में महिला से मारपीट, बाप, बेटा और पोते पर FIR दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गली में ईंट रखने के विवाद को लेकर एक महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को पीड़ित महिला की शिकायत पर पिता, पुत्र और पोते के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि सायर गांव निवासी गीता देवी पत्नी राजेंद्र राम ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोसी (पट्टीदार) चंद्रधन पुत्र सोहन, मनोज पुत्र चंद्रधन राम और सचिन कुमार पुत्र मनोज राम ने गली (रास्ते) में ईंट के टुकड़े रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था।
गीता देवी के अनुसार, जब उन्होंने ईंट हटाने को कहा, तो रात करीब 7 बजे आरोपियों ने गली में लगे बिजली के पोल से उनके घर जा रही केबल को नोचकर फेंक दिया। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और लात-घूंसे से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मारपीट में गीता देवी की आंख और आंख के नीचे गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला के प्रार्थनापत्र पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की छानबीन की जा रही है।
