Today Breaking News

गाजीपुर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, गर्मी-उमस से मिली राहत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई तहसील क्षेत्र में रविवार शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। इस बारिश से किसानों के चेहरे पर भी खुशी दिखी।
रविवार दोपहर तक आसमान में धूप और बादलों के बीच लुका-छिपी चलती रही। शाम होते ही आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में सड़कें पानी से भर गईं। अचानक हुई बारिश के कारण बाजार में मौजूद लोगों और राहगीरों को दुकानों व पेड़ों के नीचे शरण लेनी पड़ी। किसानों ने इस बारिश को धान सहित खरीफ की फसलों के लिए बेहद फायदेमंद बताया है। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह नियमित बारिश होती रही, तो खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी और सिंचाई पर निर्भरता कम होगी। इससे धान की फसल को विशेष लाभ मिलेगा।

कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत महसूस की। तेज हवाओं और बारिश के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ ही खेती-किसानी के लिए भी नई उम्मीद जगी है।