गाजीपुर में डिवाइडर पर सवारियों से भरी जीप चढ़ाकर की सड़क पार, एसपी ने दिए चालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक जीप चालक ने वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर डिवाइडर पर वाहन चढ़ाकर सड़क पार की। सवारियों से भरी जीप का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि चालक फोरलेन के डिवाइडर पर जीप चढ़ाकर दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रहा है। जीप में यात्री भी बैठे हुए थे। इस कृत्य से न केवल यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन हुआ, बल्कि यात्रियों और सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हुआ।
एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि वीडियो के आधार पर जीप की पहचान कर ली गई है और उसका लोकेशन भी पता चल गया है।
एसपी सिटी के अनुसार, जीप के मालिक और चालक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब वाहन से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाकर नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
