गाजीपुर में परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद पार्क में फिर चोरी-तोड़फोड़:गुंबद की लाइटें चोरी, FIR दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में धामूपुर स्थित परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद पार्क में एक बार फिर चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। रविवार शाम करीब 4 बजे शहीद के पोते मोहम्मद परवेज ने दुल्लहपुर थाने में अराजक तत्वों के खिलाफ शिकायत दी।
आरोप है कि पार्क के गुंबद पर लगी लाइटें चोरी कर ली गईं। इसके अलावा ICL गन समेत पार्क में स्थापित कई अन्य सामान को क्षतिग्रस्त किया गया है।
मोहम्मद परवेज के मुताबिक, समाजसेवी सद्दाम की ओर से पार्क का सुंदरीकरण कराया गया था। इसमें आकर्षक लाइटों समेत कई अन्य सुविधाएं लगाई गई थीं। आरोप है कि अराजक तत्वों ने पार्क में लगी इन लाइटों को चोरी कर लिया और वहां स्थापित सामान को नुकसान पहुंचाया।
परवेज ने बताया कि पार्क में चोरी और तोड़फोड़ की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पार्क से CCTV कैमरे चोरी हो चुके हैं। कई बार अन्य सामान में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। लगातार घटनाओं के बाद उन्होंने पूर्व जिलाधिकारी को कई बार पत्र लिखकर पार्क में गार्ड तैनात करने की मांग की थी।
परवेज के अनुसार, पार्क के आसपास पुलिस रात और सुबह गश्त करती है, लेकिन इस बार घटना दिन में हुई। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक पार्क नहीं है, बल्कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की शौर्यगाथा से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे स्थान पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए।
परवेज ने पुलिस से अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और पार्क की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्क के आसपास पेट्रोलिंग बढ़ाने और विशेष निगरानी रखने का आश्वासन दिया है। शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
