Ghazipur Greenfield Expressway: गाजीपुर के लिए खुशखबरी! ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर केंद्र सरकार से हुई बड़ी मांग
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने महाराजगंज (गाजीपुर)-जमानिया-सैयदराजा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को जल्द शुरू कराने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजा है। उन्होंने परियोजना के लिए आवश्यक बजट आवंटित कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया है।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (पुराना एनएच-97) के अंतर्गत प्रस्तावित 41.6 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे वर्ष 2019-20 में स्वीकृत किया गया था। यह मार्ग चंदौली जिले के 39 तथा गाजीपुर जिले के 21 गांवों से होकर गुजरेगा। परियोजना के पूरा होने के बाद पूर्वांचल और बिहार के बीच सड़क संपर्क पहले की तुलना में अधिक बेहतर और सुगम होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे बनने से गाजीपुर, जमानिया, चंदौली और सैयदराजा क्षेत्र के लोगों को तेज और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिलेगा। साथ ही माल ढुलाई आसान होने से व्यापार को गति मिलेगी और क्षेत्र में औद्योगिक निवेश तथा रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
डॉ. संगीता बलवंत ने इस परियोजना को पूर्वांचल के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाला एक बड़ा बुनियादी ढांचा परियोजना है। उन्होंने केंद्र सरकार से जनहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द धनराशि जारी करने की मांग की है।
सांसद के अनुसार, इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनके पत्र का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
डॉ. बलवंत ने कहा कि गाजीपुर और पूरे पूर्वांचल में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से वह संसद और विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख विकास योजनाओं को लगातार उठाती रही हैं।
