Today Breaking News

गाजीपुर के जमानियां रेलवे स्टेशन पर 4 प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग, रेल मंत्री से मिलीं सांसद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां रेलवे स्टेशन पर इन 4 एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग, सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपा ज्ञापन
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जमानियां रेलवे स्टेशन (ZNA) पर चार महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई है। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि यह मांग क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत है।

सांसद ने ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस, पटना–इंदौर एक्सप्रेस, जन शताब्दी एक्सप्रेस और संघमित्रा एक्सप्रेस का जमानियां रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज देने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव मंजूर होता है तो गाजीपुर और आसपास के हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि जमानियां क्षेत्र ऐतिहासिक, कृषि और व्यापारिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। यहां से हर दिन बड़ी संख्या में व्यापारी, छात्र-छात्राएं, मरीज और अन्य यात्री वाराणसी, पटना, दिल्ली, हावड़ा समेत कई बड़े शहरों की यात्रा करते हैं। लेकिन इन ट्रेनों का स्टॉपेज न होने के कारण लोगों को पहले दूसरे रेलवे स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है।

सांसद ने बताया कि ट्रेनों के ठहराव के अभाव में सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं, मरीजों और विद्यार्थियों को उठानी पड़ती है। उन्हें दूसरे स्टेशनों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे यात्रा और अधिक कठिन हो जाती है।

डॉ. संगीता बलवंत ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जमानियां रेलवे स्टेशन पर इन चारों ट्रेनों का ठहराव जल्द स्वीकृत किया जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के लिए आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब स्थानीय लोगों की उम्मीदें रेल मंत्रालय के आगामी निर्णय पर टिकी हैं।