गाजीपुर में श्रमजीवी एक्सप्रेस से तीन शराब तस्कर गिरफ्तार, 15.57 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार तड़के आरपीएफ ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया। ये युवक श्रमजीवी एक्सप्रेस से 15.57 लीटर अंग्रेजी शराब ले जाने का प्रयास कर रहे थे। बरामद शराब की कीमत 13,210 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ प्रभारी के निर्देश पर सउनि ऋषिकेश राय शर्मा, आरपीएसएफ के जवान शैलेन्द्र कुमार सिंह और अनिल कुमार भारती प्लेटफार्म संख्या 2/3 के पश्चिमी छोर पर गश्त कर रहे थे। सुबह करीब 4:18 बजे ट्रेन संख्या 12392 डाउन श्रमजीवी एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची।
ट्रेन के पिछले साधारण कोच में चढ़ने जा रहे तीन युवकों के पिट्ठू बैग देखकर जवानों को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 15.570 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें रॉयल स्टैग, 8 पीएम गोल्ड और आफ्टर डार्क ब्रांड की शराब शामिल थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पटना जिले, बिहार निवासी अभीराज कुमार (26), विक्की कुमार (20) और अजित कुमार (32) के रूप में हुई है। आरपीएफ ने जब्त शराब के साथ तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट दिलदारनगर पर अपराध संख्या 2685/26 से 2687/26 तक के तहत मामला दर्ज किया गया है।
