गाजीपुर में धार्मिक-भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट के आरोप में युवक गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान खुदरा पथरा गांव निवासी प्रदीप कुमार (28) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे मां सरस्वती की तस्वीर लगाकर धार्मिक आस्था और विश्वास को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। चौकी प्रभारी कामाख्या संजय कुमार यादव की शिकायत पर मामले में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 299 के तहत केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की। मामले की आगे जांच की जा रही है।
