Today Breaking News

गाजीपुर में प्रेमी से शादी करने के लिए दूसरी बार टावर पर चढ़ी युवती जेल भेजी गई, जमानत खारिज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर दूसरी बार टावर पर चढ़ी युवती को जेल भेज दिया गया। शुक्रवार को हरिवल्लमपुर के पास टावर पर चढ़ी युवती को पुलिस ने करीब ढाई घंटे की समझाइश के बाद नीचे उतारा था। इसके बाद शांतिभंग के मामले में उसे एसडीएम ध्रुव शुक्ला के सामने पेश किया गया। शनिवार को एसडीएम ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
हरिवल्लमपुर गांव की आरती चौधरी का चकटरफिया गांव के मनजीत चौधरी से करीब तीन-चार साल से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। आरती का कहना है कि वह मनजीत से शादी करना चाहती है। इसी मांग को लेकर वह सोमवार को भी टावर पर चढ़ गई थी। तब ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव और प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने समझाकर उसे नीचे उतारा था।

आरती के मुताबिक, मनजीत पिछले साल उसे शादी की बात कहकर बेंगलुरु ले गया था। बाद में परिवार के दबाव में उसने शादी से इनकार कर दिया। आरती की शिकायत पर करीब छह महीने पहले मनजीत के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। वह करीब दो महीने पहले जमानत पर बाहर आया था।

युवती का आरोप है कि जेल में रहने के दौरान मनजीत ने शादी का भरोसा दिया था, लेकिन बाहर आने के बाद वह शादी से इनकार कर रहा है। इसी मांग को लेकर वह दोबारा शुक्रवार को टावर पर चढ़ गई।

शुक्रवार को सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के मोबाइल पर कॉल कर नीचे उतरने की अपील की। शाम करीब 5:30 बजे एसडीएम की मौजूदगी में समझाने के बाद वह नीचे उतरी। पुलिस उसे कोतवाली ले गई और रात में जिला मुख्यालय स्थित शेल्टर हाउस में रखा। बाद में शांतिभंग के मामले में एसडीएम के सामने पेश किया गया।

प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जमानत अर्जी खारिज होने के बाद युवती को जेल भेज दिया गया है।