Today Breaking News

नगर पंचायत सादात: अध्यक्ष पद के लिए रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के समर्थक आमने-सामने

गाजीपुर। नगर पंचायत सादात के निकाय चुनाव में सत्‍ताधारी भाजपा के दो दिग्गज नेताओं की मुंछ फंस गयी है। अध्‍यक्ष पद के लिए चुनाव में भाजपा के कार्यकर्ता काफी ओहा-पोह की स्थिति में है कि किस दिग्गज के खेमे में जायें। भाजपा के निवर्तमान अध्‍यक्ष प्रमि‍ला यादव पत्‍नी राजनाथ यादव दोनों पति-पत्‍नी दस वर्षो से अध्‍यक्ष पद पर काबिज हैं। इस बार फिर भाजपा ने प्रमिला यादव पर दांव लगाया है। 

ज्ञातव्‍य है कि विगत वर्ष पहले प्रमिला यादव के पति पूर्व नगर अध्‍यक्ष राजनाथ यादव अपने पट्टीदार रिंकू यादव के हत्‍या में आरोपी थें। जिन्‍हे अदालत ने आजीवन कारावास की सजा कर दी है। ऐसे में भाजपा के केंद्रीय रेल राज्‍य मंत्री मनोज सिन्‍हा के समर्थक निकाय चुनाव में सक्रिय हो गये क्‍योकि दागी उम्‍मीदवार के चलते राजनाथ यादव का टिकट कटना तय था। समय का चक्र बदला और महेंद्रनाथ पांडेय भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष हो गये। राजनाथ यादव की गिनती भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के प्रबल भक्‍तो में होती है। 

राजनाथ यादव ने अपने राजनीति के आका से टिकट के लिए गुहार लगाई। जिसके बाद भाजपा ने अपने नीति सिद्धांत को ताख पर रखते हुए राजनाथ यादव की पत्‍नी प्रमिला यादव को हरी झंडी दे दी। इससे रेल राज्‍य मंत्री के समर्थकों में काफी मायूसी छा गयी और वह खुलेआम पार्टी के विरोध में उतर आये। उन्‍होने अपने एक समर्थक यशवंत वर्मा को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से टिकट दिलवा दिया। यशवंत वर्मा के पिता स्‍व. हरि‍दास वर्मा नगर पंचायत सादात के प्रथम चेयरमैन थें। अब दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने प्रचार करने लगे हैं। इस मुद्दे पर भाजपा के जिलाध्‍यक्ष भानुप्रताप सिंह चुप्‍पी साधे हुए हैं। जिसे देखकर विरोधियों में खुशी की लहर है। विरोधी कह रहे है कि पहले भाजपा अपने से लड़ ले तब साइकिल, हाथी से लड़ेगी।

 
 '