Today Breaking News

गाजीपुर में भाजपा को बड़ा झटका, मनोज सिन्हा एक लाख से ज्यादा वोटों से हारे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर पूर्वांचल की वीआईपी सीट गाजीपुर में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा प्रत्याशी मनोज सिन्हा को पछाड़ते हुए बसपा के अफजाल अंसारी ने जीत दर्ज की। अफजाल ने मनोज सिन्हा को 1 लाख से ज्यादा वोटों से हराया। इस बार गाजीपुर में  58.60 फीसदी मतदान हुआ था, जो 2014 की तुलना में 5.63 फीसदी अधिक था।

गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र की मतगणना जंगीपुर मंडी परिसर में शुक्रवार सुबह 8.27 पर शुरू हुई।मतगणना स्थल पर पहुंचे मतगणना एजेंट को सघन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। सबसे पहले पोस्टल बैलेट गिने गए। इसके बाद हर विधानसभा क्षेत्र की 14-14 टेबलों पर ईवीएम खोली गईं। पहली ईवीएम से बसपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी ने बढ़त बनाई फिर पलटकर नहीं देखा। लगातार हर चरण में वोटों का अंतर बढ़ता गया और जीत की दूरी घटती गई। बढ़त की जानकारी पर अफजाल समर्थकों के साथ शाम को मंडी परिसर पहुंचे।

बसपा के अफजाल अंसाली ने 1लाख 20 हजार 956 मतों से मनोज सिन्हा को हराया। बसपा के अफजाल अंसारी ने 5 लाख 64 हजार 144 वोट हासिल किये। मनोज सिन्हा को 4 लाख 43 हजार 188 मत मिले। अफजाल की जीत होते ही समर्थकों ने खुशी जताई और मिठाई बांटी। यहां मनोज सिन्हा और गठबंधन प्रत्याशी अफजाल अंसारी की सीधी टक्कर मानी जा रही थी। लगभग आधे घंटे देर से शुरू हुई काउंटिंग में पहले चरण से ही अफजाल अंसारी लगातार बढ़त बनाए रहे। पहले चरण के आए परिणाम के मुताबिक अफजाल अंसारी 18614 जबकि मनोज सिन्हा 14400 मत पाकर अफजाल अंसारी से 4214 मतों से पीछे रहे। 

यह क्रम लगातार 17 वें चक्र तक जारी रहा। दूसरे चरण में अफजाल 5870, तीसरे चरण में 12247, चौथे चरण में 12890, पांचवें चरण में 18868, आठवें चरण में 31320, दशवें चरण में 39112, ग्यारहवें चरण में 41410, बारहवें में चरण में 45880, तेरहवें चरण में 53261, 14वें चरण में 57128, पंद्रहवें चरण में 57128, 16वें चरण में 58985 जबकि 17वें चरण में 69427 मतों से आगे रहे। वही मनोज सिन्हा 17वें चरण तक 258146 मत पाकर भी अफजाल अंसारी से 69427 मतों से पीछे चल रहे हैं। 24वें चरण तक मनोज सिन्हा  एक लाख मतों से पीछे हो गए। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित परिणामों के अनुसार अफजाल अंसारी को जीता दिखाया।

'