Today Breaking News

कोरोना वायरस इन यूपी: संक्रमित मरीज बढ़कर हुए १०३ , विभिन्न अस्पतालों में १८३ संदिग्ध भर्ती

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। चीन से फैला कोरोना वायरस का जानलेवा संक्रमण विश्व को अपनी पकड़ में ले चुका है। भारत के साथ ही उत्तर प्रदेश में इसका खतरा बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में बीते चार दिन से यह आंकड़ा काफी तेजी से बढ़ा है और अब प्रदेश में इस कहर से संक्रमितों की संख्या 103 हो गई है। कोरोना जैसे लक्षण वाले 183 लोग प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में भी भर्ती हुए हैं।

कोरोना वायरस पर केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से अंकुश लगाने के बाद भी यह सेंकेंड से थर्ड स्टेज की ओर पांव पसार रहा है। सोमवार को 16 नए पॉजिटिव केस कोरोना वायरस के पाए गए। इसमें सात नोएडा, छह मेरठ और एक-एक लखनऊ, आगरा व बुलंदशहर का मामला शामिल है। मंगलवार को बरेली में छह लोगों में पॉजिटिव संक्रमण मिला है। बरेली में सोमवार से ही संख्या बढऩे की संभावना दिख रही थी। सुभाष नगर को सेनेटाइज किया गया था।



बरेली के सुभाषनगर में पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के परिवार के पांच लोगों में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई है। लखनऊ से तड़के आई रिपोर्ट में पत्नी, माता-पिता, भाई-बहन पाए गए पॉजिटिव। इनके दो वर्ष के बेटे के साथ ही परिवार को दो अन्य लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बरेली के स्वास्थ्य विभाग में अब काफी खलबली मची है। एड़ी हेल्थ डॉ राकेश दुबे ने बताया कि सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन को दी गयी सूचना। यहां रविवार को एक युवक में संक्रमण पाया गया था। यह युवक नोएडा में अग्निशमन उपकरण बनाने वाली कंपनी में काम करता है। वहां पर संक्रमण के बाद वह बरेली आ गया।

नोएडा में हैं सर्वाधिक 38
उत्तर प्रदेश में अब तक सर्वाधिक 38 संक्रमित नोएडा में पाए गए हैं। इसके अलावा मेरठ में 19, आगरा में 11, लखनऊ में नौ, बरेली व गाजियाबाद में सात-सात, पीलीभीत व वाराणसी में दो-दो और कानपुर, लखीमपुर खीरी , मुरादाबाद, शामली, जौनपुर, बागपत व बुलंदशहर के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। अब तक कोरोना वायरस 15 जिलों में अपने पांव पसार चुका है। वहीं 183 संदिग्ध लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।

संक्रामक रोग विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.विकास इंदु अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को नोएडा के दो और आगरा के एक व्यक्ति को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस तरह अभी तक कुल 17 संक्रमित लोग स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी पाने वालों में आगरा के आठ, नोएडा के छह, गाजियाबाद के दो और लखनऊ का एक व्यक्ति शामिल है।



नोएडा व मेरठ में बचाव कार्य तेज
नोएडा और मेरठ में बड़ी संख्या में कोरोना वायरस के संक्रमित लोग पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारियों की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे और लापरवाह अफसरों को फटकार लगाई। नोएडा के डीएम बीएन सिंह को शिथिलता बरतने के आरोप में हटा दिया गया। फिलहाल नोएडा व मेरठ में जहां-जहां कोरोना से संक्रमित लोग पाए जा रहे हैं आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है।

मेरठ में महाराष्ट्र से आए व्यक्ति ने फैलाया वायरस
मेरठ में महाराष्ट्र से अपनी सुसराल आए युवक में शुक्रवार को कोरोना की पुष्टि हुई थी। शनिवार को उसकी पत्नी तथा पत्नी के तीन भाइयों में जबकि रविवार को इस युवक के संपर्क में आए आठ लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। अब सोमवार को युवक के संपर्क में आए चार व दो अन्य में कोरोना की पुष्टि हुई है।

बढ़ता जा रहा है मेरठ का ग्राफ
नोएडा के करीब होने का खामियाजा मेरठ को भुगतना पड़ रहा है। मेरठ में कोरोना संक्रमण का ग्राफ खतरनाक तरीके से बढ़ रहा है। यहां के लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज की माइक्रोबायोलोजी लैब ने रविवार को आठ लोगों में पॉजिटिव रिपोर्ट जारी की थी। इसको अभी 24 घंटा भी नहीं बीता कि आठ और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। माना जा रहा है कि देर शाम तक मेरठ में इनका ग्राफ बढ़ सकता है। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि यह सभी लोग महाराष्ट्र से आए एक संक्रमित के रिश्तेदार हैं, जो आपस में एक दूसरे के संपर्क में आकर संक्रमित हुए। रविवार को 37 सैंपलों की जांच की गई। अभी और सैंपलों की जांच की जा रही है। जिसमें कई पॉजिटिव मिल सकते हैं। कोरोना पॉजिटिव मिलने से शहर में दहशत का माहौल है। लोग आंशकित है कि कहीं ये आंकडा बहुत बडी गड़बड न कर दे। अभी तक मेरठ कोरोना से सुरक्षित महसूस कर रहा था।



लखनऊ में एक और मिला पॉजिटिव
लखनऊ में लम्बे समय के बाद सोमवार को एक संक्रमित में पॉजिटिव केस मिला है। सेना के कमांड हास्पिटल में भर्ती इस शख्स की पहली सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई थी जबकि दूसरी रिपोर्ट में हुई कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस तरह से अब लखनऊ में नौ पॉजिटिव केस हैं, जिनमें से एक की तीन रिपोर्ट निगेटिव मिलने के बाद उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कनिका कपूर की चौथी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

नोएडा में अभी तक जो 38 पॉजिटिव केस पाए गए हैं, उनमें से कई एक बड़ी कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी हैं। कंपनी का एक अधिकारी बीते दिनों ब्रिटेन की यात्रा कर लौटा था और उसमें कोरोना वायरस पाया गया। इसके बाद वहां के दूसरे अधिकारी व कर्मचारी उसके संपर्क में होने के कारण संक्रमित होते चले गए।

2519 की रिपोर्ट निगेटिव, 89 की है आनी
यूपी में अभी तक 2704 संदिग्ध लोगों के नमूने जांच के लिए लैब में भेजे जा चुके हैं और इसमें से 2519 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। यानी इनमें कोरोना वायरस नहीं है। वहीं 89 लोगों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।



विदेश से आए 9738 लोग और चिह्नित
यूपी में सोमवार को चीन सहित को रोना प्रभावित देशों की यात्रा कर लौटे 9738 लोगों को चिह्नित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम ने अभी तक ऐसे करीब 60 हजार लोग चिह्नित किए हैं। इन्हें 28 दिन के के लिए होम क्वारंटाइन मे रखा गया है।

कनिका कपूर की चौथी रिपोर्ट भी पॉजिटिव
संजय गांधी पीजीआइ में भर्ती कोरोना पॉजिटिव बॉलीवुड सिंगर कनिका की चौथी जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। चौथी जांच में भी वायरल लोड मिलने पर गायिका की बेचैनी बढ़ गई है। डॉक्टर्स ने हालत स्थिर बताकर उनको ढांढस बंधाया। लंदन से लौटीं कनिका ने लखनऊ में कई जगहों पर आयोजित पार्टियों में शिरकत की थी। इन पार्टियों में शिरकत करने वाले कई मंत्री, तमाम हाई प्रोफाइल लोग अब भी होम क्वारंटाइन में हैं। नियमों को दरकिनार कर कई लोगों की जान सांसत में डालने वाली कनिका की तबीयत खराब होने पर 19 मार्च को शालीमार गैलंट, महानगर से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। केजीएमयू में 20 मार्च को जांच में कनिका में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। इसके बाद खलबली मच गई। वह 11 दिन से पीजीआइ में भर्ती हैं। 

केजीएमयू में पहली जांच के बाद पीजीआइ में अब तक तीन जांचें हो चुकी हैं। सभी में उनमें कोरोना वायरस बरकरार मिला। रविवार को आई चौथी रिपोर्ट में भी वायरल लोड मिलने पर कनिका बेचैन हो गईं। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें हालत स्थिर होने का दिलासा दिया। उनको बताया कि वायरल कम होने में दो से तीन हफ्ते का वक्त लगता है। कनिका कपूर की देखभाल करने वाली स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टर लगातार उन्हें समझा रहे हैं कि कोरोनावायरस का पूरा इलाज होने में 3 से 4 हफ्ते का समय लगता है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ पीके गुप्ता का कहना है कि कोरोना वायरस बेहद जटिल है। इससे लड़ाई लडऩा आसान काम नहीं है। ऐसे में जब हम बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की हिस्ट्री को देखते हैं, तो उनमें वायरस हाई-लोड अवस्था में मौजूद है।



तारीख                    संक्रमित की संख्या

7  मार्च               08
12 मार्च              11
14 मार्च              12
15 मार्च              13
17 मार्च              15
19 मार्च              19
20 मार्च               23
21 मार्च               26
22 मार्च               29
23 मार्च               33
24 मार्च               37
25 मार्च               39
26 मार्च               43
27 मार्च               51
28 मार्च               65 
29 मार्च               82 
30 मार्च               97
31 मार्च               103


'