Today Breaking News

वाराणसी में 36 घंटे में डेढ़ फीट बढ़ा गंगा का जलस्तर, डूबने लगीं सीढ़ियां

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी में गंगा के जलस्तर में फिर बढ़ाव होने लगा है। बुधवार सुबह आठ बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक नदी के जलस्तर में 24 सेमी वृद्धि हुई। जबकि सुबह से रात आठ बजे तक सात सेमी वृद्धि दर्ज हुई। इस प्रकार पिछले 36 घंटों में नदी का जलस्तर करीब डेढ़ फुट तक बढ़ा। 

केंद्रीय जल आयोग के स्थानीय कार्यालय के अनुसार नदी का जलस्तर बुधवार सुबह आठ बजे 60.11 मीटर था जो गुरुवार की सुबह 60.35 मीटर पहुंचा। रात आठ बजे तक  जलस्तर 60.47 मीटर पर पहुंच चुका था। बढ़ाव के साथ ही निचले घाटों सीढ़ियों से गंगा का जल घाट के मुख्य प्लेटफार्म की ओर बढ़ने लगा है। दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से दैनिक गंगा आरती के लिए प्रयुक्त होने वाली मढ़ी तक गंगा पहुंच गई हैं। घाट पर बांधी गई नौकाओं की सुरक्षा के लिए माझियों ने रात भर घाट पर पहरा दिया। 

प्रयागराज में गंगा के स्थिर हो जाने से अगले 24 घंटे तक जलस्तर में वृद्धि की आशंका है। उसके बाद बढ़ने की रफ्तार कम होगी। इस वर्ष बनारस में चार दशक से अधिक समय बाद जून के पहले सप्ताह में ही जलस्तर में बढ़ाव दर्ज किया गया। चार से नौ जून तक गंगा का जलस्तर बढ़ा। 15 जून तक मामूली स्तर पर घटने-बढ़ने का क्रम लगा रहा। जलस्तर में बढ़ाव की पुन: शुरुआत 16 जून से हुई।
'