Today Breaking News

गाजीपुर: सड़क हादसे में महिला समेत तीन की मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर अलग-अलग क्षेत्रों में शनिवार को हुए सड़क हादसे में महिला व बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग घायल हो गए। उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पैदल जा रहे शिवधनी को ट्रक ने रौंदा

गहमर : कोतवाली क्षेत्र के खुदरापथरा गांव स्थित मोड़ के पास शनिवार को ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर ट्रक से कुचलकर शिवधनी राम (65) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा गया। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर पुलिस टीम ने बारा पुलिस चौकी के पास घेराबंदी करके ट्रक को कब्जे में लेने के साथ चालक को गिरफ्तार कर लिया। खुदरापथरा गांव निवासी शिवधनी राम सुबह घर से पैदल ही कही जा रहे थे। मोड़ के पास ताड़ीघाट-बारा मार्ग पार करते समय गाजीपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद आस-पास के लोग घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े, लेकिन चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ बारा चौकी पर तैनात टीम को ट्रक पकड़ने की सूचना दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके बारा चौकी के सामने से ट्रक को कब्जे में लेने के साथ चालक को गिरफ्तार कर लिया। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते थाने पहुंच गए। साथ ही परिजनों की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी गई। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेने के साथ चालक को गिरफ्तार करने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बैक कर रहा ट्रक महिला पर चढ़ाया
सैदपुर : वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर औड़िहार में ट्रक से कुचलकर उषा देवी (55) की मौत हो गई। गोपालपुर की उषा देवी पत्नी मातवर सिंह शनिवार की दोपहर घर से औड़िहार बाजार में दवा लेने जा रही थीं। पेट्रोल पंप के सामने जैसे ही पहुंची उसी समय चालक बैक करते समय ट्रक को महिला के ऊपर चढ़ा दिया। जोरदार बारिश के बीच आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायल महिला को लेकर सैदपुर चिकित्सालय जाने लगे। इसी बीच उसकी मौत हो गई। मौका देख ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया। परिजन शव को लेकर घर चले गये। मातवर सिंह ने अज्ञात ट्रक के खिलाफ सैदपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज करायी है।

उपचार के दौरान घायल बालक की मौत
बिरनो : थाना क्षेत्र के सेन्धुबांध गांव के पास सड़क हादसे में घायल बालक की मौत हो गई। शुक्रवार की शाम ट्रक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार मुहम्मदाबाद जनपद मऊ निवासी राज्यपाल राम (28), पत्नी वंदना देवी (25) और दो वर्षीय पुत्र एसके राज घायल हो गए थे। शनिवार की दोपहर निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दो वर्षीय बालक एसके राज की मौत हो गई। जबकि ट्रक छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सलील स्वरूप आदर्श ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि बिरनो गांव से शुक्रवार की शाम राज्यपाल राम अपने घर मुहम्मदाबाद लौट रहे थे। इसी बीच सेन्धुबांध के पास सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक ने धक्का मार दिया। आनन-फानन में घायलों को पुलिस ने अस्पताल भेजा।