Today Breaking News

वाराणसी गोरखा ट्रेनिंग सेंटर 39 जीटीसी की मेस में नेपाली रिक्रूट ने दी जान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी स्थित गोरखा ट्रेनिंग सेंटर (39 जीटीसी) परिसर स्थित मिलेट्री हॉस्पिटल के मेस में 24 वर्षीय रिक्रूटी ने शनिवार की भोर में पंखे के सहारे फांसी लगाकर खुदखुशी कर ली। बीमारी के कारण वह ट्रेनिंग से वापस कर दिया गया था। माना जा रहा है कि इसी से दुखी होकर उसने आत्महत्या कर ली। 

नेपाल के मिहल टूटू का निवासी रवीन्द्र बुद्धा मांगर वर्ष 2017 की भर्ती परीक्षा में सफल हुआ था। उसे ट्रेनिंग के लिए भेजा गया। ट्रेनिंग के दौरान उसकी रीढ़ की हड्डी में दिक्कत आ गई। तब उसे 39 जीटीसी के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। 

पिछले 20 मार्च से वह पेट की बीमारी से भी परेशान था। इसका स्थानीय सैनिक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी बीमारी के कारण वह ट्रेंनिग पर नहीं जा सका था। इसके चलते वह तनाव में था। घटना की जानकारी मिलने पर मिलेट्री अस्पताल से जुड़े सैन्य अफसरों के अलावा फुलवरिया चौकी प्रभारी अजय पाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजय पाल ने बताया कि रवीन्द्र के परिवार को सूचना दे दी गई है। वह दो भाई में बड़ा था।