Today Breaking News

अतीक अहमद की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, असलहा नहीं मिला तो दर्ज होगा एक और मुकदमा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. आईएस 227 गैंग के सरगना अतीक अहमद पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। उसके दोनों असलहों की बरामदगी के बाद पुलिस अब तीसरे असलहे की तलाश में लगी है। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर वह बन्दूक नहीं मिली तो अतीक के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
माफिया अतीक के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई तो पुलिस ने उसके सभी असलहों का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की। शुरुआती जांच में अतीक के नाम पर दो, उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन के नाम पर तीन और भाई अशरफ के नाम एक असलहे के लाइसेंस के बारे में पुलिस को जानकारी मिली थी। सभी 6 असलहों का लाइसेंस निरस्त कराकर पुलिस ने हथियार जमा करा दिए। इस बीच अतीक की एक और डीबीबीएल गन के बारे में पता चला। खुल्दाबाद पुलिस उसका लाइसेंस भी निरस्त करा दिया। 

पुलिस का कहना है कि अगर अतीक ने असलहा नहीं जमा किया तो उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गौरतलब है कि अतीक की पिस्टल और राइफल को खुल्दाबाद पुलिस ने अतीक के चकिया स्थित कार्यालय से ही कुछ दिन पहले बरामद किया था। पुलिस का दावा था कि सूचना मिली थी कि कार्यालय में ही असलहों को छिपाकर रखा गया है। हालांकि इस दौरान पुलिस ने अतीक के किसी करीबी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। अब अतीक के साथ उसके गैंग से जुड़े नए सदस्यों के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई कर रही है।