Today Breaking News

गाजीपुर: गंगा की रफ्तार में आई कमी, बढ़ाव जारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिले की प्रमुख गंगा नदी में बढ़ाव का क्रम रविवार को भी बना रहा। हालांकि रविवार की सुबह रफ्तार काफी तेज थी लेकिन शाम तक इसमें कमी आ गई। रविवार की शाम को जलस्तर 58.560 मीटर पहुंच गया था। सुबह पांच बजे गंगा की रफ्तार दो सेमी प्रति घंटा थी, जो क्रमश: धीमी होती चली गई। शाम को रफ्तार कम होकर एक सेमी प्रति घंटा पहुंच गई। इधर, गोमती में भी हल्का बढ़ाव बना हुआ है। गोमती भी एक घंटा पर एक सेमी बढ़ रही है। लगातार बरसात होने पर तटवर्ती क्षेत्र के लोगों की धुकधुकी बढ़ जाती है। इधर कुछ समय पहले उफान पर आई मगई नदी में घटाव होने लगा है।
बता दें कि इधर एक सप्ताह से लगातार नदी में उफान बना हुआ था। शहर से सटे कुर्था, सवना, बयेपुर आदि स्थानों पर पानी बस्ती तक पहुंच गया है। उधर, करंडा और सदर के कई गांवों के करीब पानी पहुंचने से लोग सहम गए हैं। मुहम्मदाबाद के सेमरा, बच्छलका पुरा, सुल्तानपुर, गौसपुर आदि तटवर्ती गांवों के लोग गंगा के पानी के बढ़ाव को महसूस करते हुए सतर्क होने लगे हैं। कुछ लोग अपना सामान भी समेटने लगे हैं। हालांकि, इस बार गंगा के किनारे बोल्डर और पत्थर लगाकर ठोकर बनाया गया है। बाढ़ का पानी बढ़कर बोल्डरों तक आ गया है। इस बार भी यह बोल्डर भयंकर बाढ़ को रोकने के लिए नाकाफी ही लग रहे हैं। 

औड़िहार संवाददाता के अनुसार, इधर हुई बरसात के बाद गंगा और गोमती का पानी बढ़ने लगा है। गोमती नदी के तट पर भी जिले के करीब 50 गांव हैं। इधर, एक पखवारे में करीब एक मीटर तक बढ़ाव हुआ है। रविवार को नदी का जलस्तर 55.230 मीटर आ गया। इधर दुबिहा क्षेत्र के पहेतिया, दिलमनपुर, गुम्मा, शेखपुर, आरीपुर गांवों के आसपास नदी का पानी आ गया है। खेतों में पानी लगा हुआ है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। इसी प्रकार, नोनहरा, मुहम्मदाबाद, हाटा, परसा, जोगा, करीमुद्दीनपुर, सियाड़ी, मसौनी आदि क्षेत्रों में पानी दिखाई दे रहा है। कठवा मोड़ संवाददाता के अनुसार, मगई नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। आसपास के खेतों में पानी लगा हुआ है।
 
 '