Today Breaking News

विधानसभा चुनाव अभी दूर, ब्राह्मणों को रिझाने की लड़ाई हुई तेज, जानें कितना अहम है ये वोट बैंक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। यूपी में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं लेकिन ब्राह्मण वोट बैंक को अपने पाले में खींचने की जंग सभी राजनीतिक दलों में तेज हो गई है। अपराधी विकास दुबे एनकाउण्टर के बाद तो मानो होड़ सी लग गई है। मायावती ने सपा से ज्यादा भव्य भगवान ‘श्री परशुराम’ की मूर्ति लगाने के साथ अस्पताल बनवाने की घोषणा कर ब्राह्मणों को लेकर मची खींचतान को रविवार को और हवा दे दी। वहीं कांग्रेस ब्रह्म चेतना परिषद के जरिये भाजपा पर हमलावर है तो सपा ने भगवान परशुराम की मूर्ति लगाने का दावा कर ‘राम बनाम परशुराम’ की लड़ाई छेड़ दी है। भाजपा भी अपने ब्राह्मण नेताओं के जरिये डैमेज कंट्रोल में जुटी है।
परशुराम की 108 फीट की प्रतिमा
सपा अब तक लखनऊ में 108 फुट ऊंची और हर जिले में परशुराम व मंगल पाण्डेय की प्रतिमा लगाने की घोषणा कर चुकी है। सपा सरकार में मंत्री रहे मनोज पाण्डेय और अभिषेक मिश्र खासतौर पर सक्रिय हैं। नेताओं का कहना है कि सपा सरकार में परशुराम जयंती पर छुट्टी घोषित की गई थी, जिसे भाजपा सरकार ने खत्म कर दिया। इसके अलावा गरीब ब्राह्मण परिवारों को उनकी बेटियों की शादी कराने में आर्थिक मदद का भी ऐलान किया।

कांग्रेस का ब्रहम चेतना संवाद 
वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद लंबे समय से ब्रह्म संवाद के मार्फत जिलों में संवाद कर रहे हैं। कोरोना से पहले जिन जिलों में ब्राह्मणों की हत्याएं हुईं जितिन प्रसाद वहां जा रहे थे। आचार्य प्रमोद कृष्णन और पूर्व सांसद राजेश मिश्र भी सक्रिय हैं। हाल में जिला-शहर अध्यक्षों की तैनाती में पार्टी ने इस वर्ग को खासी अहमियत दी। गोरखपुर में पार्टी  पुराने विधायक के गिर गए मकान को बनवा रही है, तो प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी भी आपराधिक घटनाओं के खिलाफ मुखर हैं।

कितना अहम है प्रदेश की सियासत में ब्राह्मण वोट
करीब 11 से 12 फीसदी वोट । पांच दर्जन से अधिक जिलों में ब्राह्मणों की पर्याप्त संख्या है। करीब 32 जिलों में 12 फीसदी से अधिक। लखनऊ, कानपुर,मथुरा, वाराणसी, प्रतापगढ़, बस्ती,संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर,कुशीनगर, देवरिया, सोनभद्र आदि में निर्णायक।

2007 की हिट सोशल इंजीनियरिंग
बसपा की पहली बार बनी बहुमत की सरकार में मायावती की दलित-ब्राह्मण सोशल इंजीनियरिंग का हाथ माना गया। उनकी कोशिश फिर इसे हिट कराने की है। विकास दुबे के एनकाउण्टर पर पहली बार खुल कर बयान आया। सरकार आने पर श्री परशुराम की सपा से भव्य प्रतिमा और अस्पताल बनवाने की घोषणा। नकुल दूबे,अरुण द्विवेदी समेत दूसरे नेता व्हाट्स अप ग्रुप बना कर सक्रिय।
'