Today Breaking News

विधायक सुरेंद्र सिंह की हरकतों से बेहद नाराज BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा की कड़ी चेतावनी, जांच प्रभावित न करें

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. बलिया के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में कोटा की दुकान के आवंटन के दौरान फायरिंग के मुख्य आरोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में लगातार बयानबाजी बलिया के बैरिया से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह को बेहद भारी पड़ सकती है। बलिया कांड मामले में मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में बयानबाजी करने वाले बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से भाजपा केंद्रीय संगठन ने बेहद नाराजगी जताई है।

अपने स्वाभाव के विपरीत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस प्रकरण पर विधायक सुरेंद्र सिंह को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। नड्डा ने भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से फोन पर वार्ता में साफ कहा है कि विधायक जांच को प्रभावित करने का प्रयास न करें। यह ठीक नहीं होगा।


विधायक सुरेंद्र सिंह की हरकतों से बेहद नाराज

बलिया कांड पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बेहद नाराज हैं। वहां पर बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह की लगातार जार दिन से सक्रियता पर नड्डा ने सख्त चेतावनी दी है। वह विधायक सुरेंद्र सिंह की हरकतों से बेहद नाराज हैं। इसी कारण उन्होंने स्वतंत्रदेव सिंह को फोन किया है। इस दौरान उन्होंने विधायक के आचरण पर भारी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ लहजे में कहा है कि हम ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं करेंगे। विधायक लगातार इस केस में बयान देते फिर रहे हैं। पार्टी को विधायक के ऐसे बयान बर्दाश्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बलिया कांड की जांच से विधायक दूर रहें तो बेहतर होगा। अगर उन्होंने जांच प्रभावित करने का प्रयास किया तो फिर कठोर कार्रवाई होगी।


स्वभाव के विपरीत बेहद गुस्से में नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस प्रकरण पर स्वभाव के विपरीत बेहद गुस्से में हैं। इससे पहले लखनऊ में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह को बलिया से लखनऊ तलब किया था। माना जा रहा है कि इस प्रकरण में विधायक और समर्थकों पर हो कार्रवाई हो सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी उनसे कहा कि इससे पार्टी और सरकार की छवि खराब होती है। सुरेंद्र सिंह ने भाजपा अध्यक्ष से कहा कि उन पर घटना के आरोपियों को बचाने का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जो जैसा करेगा वैसा भरेगा।


शनिवार को बलिया गोलीकांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ डब्लू के परिवार की महिलाओं को लेकर विधायक सुरेंद्र सिंह रेवती थाने में दूसरे पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने पहुंचे थे। इसके बाद वह आरोपी के पारिवारिक सदस्यों को लेकर जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंचे। इस दौरान सुरेंद्र सिंह ने बयान दिया था कि यदि पुलिस ने धीरेंद्र पक्ष की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया तो वह आमरण अनशन करेंगे और अपने जीवन का अंत कर देंगे। इससे पहले 15 अक्टूबर को भी भाजपा विधायक ने कहा था कि वहां पर धीरेंद्र सिंह ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी।


गौरतलब है कि 15 अक्टूबर को बलिया के रेवती थाना इलाके के दुर्जनपुर गांव के पंचायत भवन में राशन दुकान आवंटन की प्रक्रिया चल रही थी। हनुमानगंज और दुर्जनपुर के राशन दुकान के चयन को लेकर दो पक्षों में हंगामा हो गया। इस दौरान देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। धीरेंद्र प्रताप सिंह पर आरोप है कि उसने फायरिंग कर दी। इसमें जयप्रकाश पाल (45) की मौत हो गई। धीरेंद्र प्रताप सिंह को इस मामले में रविवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है।

'