Today Breaking News

सपा-बसपा राज में चीनी मिलें बंद हुईं, हम चालू कर रहे हैं: केशव मौर्य

गाजीपुर न्यूज़ टीम, देवरिया. उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि बंद चीनी मिलों को भाजपा चालू करेगी। सपा-बसपा के शासन काल में ये चीनी मिलें बंद हो गई थी। इन दोनों पार्टियों के तिकड़म से प्रदेश का विकास ठप हो गया था। भाजपा के सत्ता में आने पर विकास में तेजी आई। वह बुधवार को गौरीबाजार के चन्द्रशेखर आजाद इंका के परिसर में देवरिया सदर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

अपने 20 मिनट के भाषण में श्री मौर्य ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। सपा, बसपा व कांग्रेस को विकास विरोधी बताते हुए तिकड़मी बताया। उन्होंने सपा, बसपा के पन्द्रह सालों के शासन की तुलना भाजपा के तीन साल की सरकार से की। उन्होंने कहा कि इन दोनों सरकारों ने चीनी मिलों पर ताले लगवा कर बेच दिए। अब भाजपा एक-एक कर चीनी मिलों को चालू कर रही है। आने वाले दिनों में देवरिया की बंद चीनी मिलें भी चालू होंगी। मौर्य ने कहा कि मोदी के छह साल के कार्यकाल को कांग्रेस के साठ साल पर भारी हैं। 


भाजपा ने समाज के सभी तबकों के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछड़ों व दलितों के लिए सर्वाधिक काम किया है। इस दौरान सपा-बसपा को पिछड़ों व दलितों का दुश्मन कहा। उन्होंने कहा कि गरीबी को जड़ से मिटाने की नीति पर भाजपा काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने इस दिशा में महत्वपूर्ण काम किए हैं। इस क्रम में भाजपा की जन कल्याणकारी योजनाओं को गिनाया।  


उन्होंने कहा आज जम्मू कश्मीर में कोई भी जमीन खरीद सकता है। केंद्र सरकार की दृण नीतियों के चलते ऐसा हो सका। यदि धारा 370 नहीं हटी होती तो यह कभी संभव नहीं था। इस क्रम में राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि देवरहवा बाबा की प्रेरणा से आज मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जनसभा को भाजपा जिलाध्यक्ष अन्तर्यामी सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी, राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद, विधायक संगीता यादव, सांसद रमापति राम त्रिपाठी, पूर्व विधायक रविन्द्र प्रताप मल्ल, मंत्री श्रीराम चौहान, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विजय राजभर, शैलेश मणि त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह, संजय सिंह ने भी संबोधित किया।

 
 '