Today Breaking News

Ghazipur: नवनियुक्त दिव्यांग और महिला शिक्षकों ने चुने अपने विद्यालय

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बेसिक शिक्षा विभाग में नव नियुक्त दिव्यांग व महिला शिक्षकों को गुरुवार को विद्यालय आवंटित किया गया। पहले दिव्यांग महिलाओं को मौका दिया गया, इसके बाद दिव्यांग पुरुषों को, फिर सामान्य महिलाओं ने अपना विद्यालय चुना। विद्यालय आवंटन प्रक्रिया की डीएम एमपी सिंह ने जायजा भी लिया और बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की। अपना मनपसंद विद्यालय पाकर शिक्षक प्रसन्न नजर आए।

विद्यालय आवंटन प्रक्रिया के पहले दिन नौ दिव्यांग महिला, 23 दिव्यांग पुरुष और 260 सामान्य महिलाओं को बुलाया गया था। विद्यालयों की खाली पड़ी सीटों को प्रोजेक्टर पर प्रदर्शित किया जा रहा था। अपने क्रम में शिक्षक मनपसंद विद्यालय को चुन रहे थे, इसके बाद उसे लाक कर दिया जा रहा था। बालेश्वर पांडेय आइटीआइ छावनी लाइन में चल रहे आवंटन प्रक्रिया में अन्य विभागों के भी दर्जनभर अधिकारी तैनात किए गए थे। इसके साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के 20 लिपिकों की ड्यूटी लगाई गई थी। एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार सिंह को विद्यालय आवंटन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए डीएम की ओर से नामित किया गया था। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि पहले दिन विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया सकुशल संपन्न हो गई। दूसरे दिन शुक्रवार को अनुपस्थित शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किया जाएगा। सभी शिक्षकों को अपने विद्यालय पर सोमवार से कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।