Today Breaking News

युवक ने प्रेमजाल में फंसाकर अलीगढ़ में बेचा, फिर किया गैंगरेप, लड़की ने पुलिस को बताई आपबीती

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बुलंदशहर. नगर के भूड़ क्षेत्र से अगवा हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पीड़िता की मानें तो उसे प्रेमजाल में फंसाकर अगवा कर अलीगढ़ के युवक को बेच दिया गया। वहां चार युवकों ने उसके साथ कई दिन तक गैंगरेप किया। नगर पुलिस ने चार आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। 2 सितंबर को भूड क्षेत्र से 16 वर्षीय लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की खोजबीन के दौरान पता चला कि दूसरे पक्ष का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया है।

नगर पुलिस ने अज्ञात में मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली, किंतु लड़की की बरामदगी के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को हिंदूवादी संगठनों ने नगर कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए जल्द ही लड़की की बरामदगी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इसका असर भी नजर आया। नगर पुलिस ने दबिश एक लड़की को अगवा करने के आरोपी युवक अबुल को दबोच लिया। अबुल की निशानदेही पर अलीगढ़ से लड़की को बरामद कर लिया गया।


बताया जाता है कि पीड़िता ने पुलिस को जानकारी दी कि उसे आरोपी अबुल ने प्रेमजाल में फंसाकर अगवा किया और फिर अलीगढ़ के खुर्रम नाम के युवक को बेच दिया। आरोपी खुर्रम ने अलीगढ़ के जहानाबाद क्षेत्र में उसे रखकर अपने दोस्तों के साथ गैंगरेप किया। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की गहन जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सोमवार को दर्ज कराए जाएंगे न्यायालय में बयान

पुलिस द्वारा बरामद लड़की के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। सोमवार को बयान दर्ज कराने के बाद न्यायालय के निर्देशानुसार ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।


आरोपियों को सख्त सजा की मांग

हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे पक्ष के युवक द्वारा लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर उसे बेचा गया, जिसके बाद उसके साथ गैंगरेप हुआ है। मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।

'