Ghazipur: ट्रामा सेंटर बना रही कार्यदायी संस्था का भुगतान जिलाधिकारी ने रोका
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिलाधिकारी एमपी सिंह ने शुक्रवार को राइफल क्लब में 50 लाख से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड वाराणसी-द्वितीय द्वारा जिले में कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम काफी नाराज हुए। उन्होंने चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि जिला चिकित्सालय कैंपस गोराबाजार में ट्रामा सेंटर का निर्माण कर रही उक्त संस्था को किसी भी प्रकार की धनराशि का अग्रिम भुगतान अग्रिम आदेश तक नहीं करेंगे। वहीं, उक्त संस्था द्वारा कराए अब तक के कार्यों की जांच करने व मानक के अनुसार न पाए जाने पर बैठक में लगातार अनुपस्थित रह रहे अधिशासी अभियंता एसके मिश्रा के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।
जिला चिकित्सालय गोराबाजार में ट्रामा सेंटर का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड वाराणसी-द्वितीय द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर 2020 तक पूर्ण कराया जाना था, लेकिन अभी तक नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त तहसील सेवराई व कासिमाबाद के आवासीय भवनों का निर्माण कार्य उक्त कार्यदायी संस्था द्वारा 31 दिसंबर 2020 तक पूर्ण कराया जाना है, लेकिन अभी तक मात्र 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण कराया गया है, जबकि तहसील सेवराई व तहसील कासिमाबाद के आवासीय भवनों के निर्माण कार्यों की लागत धनराशि का भुगतान किया जा चुका है। इसी तरह राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज का अनुरक्षण कार्य 31 दिसंबर 2020 तक पूर्ण कराया जाना है। लागत धनराशि 1.06 करोड़ में से एक करोड़ का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन अभी तक मात्र 25 प्रतिशत कार्य ही कराया गया है। जिला चिकित्सालय कैंपस गोराबाजार में ट्रामा सेंटर के निर्माण कार्य, तहसील सेवराई व तहसील कासिमाबाद के आवासीय भवन के निर्माण कार्य व राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज के अनुरक्षण कार्यों की जांच अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग व अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की कमेटी गठित करते हुए निर्देशित किया जाता है कि 12 दिसंबर तक उक्त तीनों कार्यों का स्टीमेट के अनुसार भौतिक प्रगति एवं गुणवत्ता रिपार्ट प्रस्तुत करेंगे। यदि मानकों के अनुसार कार्य पूर्ण न किए गए हों तो कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपार्ट दर्ज कराई जाए।
