Today Breaking News

काशी, अयोध्‍या और मथुरा ही नहीं जौनपुर की अटाला मस्जिद पर भी है विवाद, यहां अटल देवी की है मान्‍यता

गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. वाराणसी के बाबा विश्वनाथ धाम व ज्ञानव्यापी मस्जिद का विवाद इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ ऐसी ही किवदंतियॉ जौनपुर में अटाला मस्जिद को लेकर भी है। इसको लेकर कुछ इतिहासकारों ने बताया है कि यहां अटल देवी की मंदिर को तोड़कर अटाला मस्जिद बनाया गया है। नगर के सिपाह मोहल्ले में गोमती किनारे स्थित यह मस्जिद पूरे भारतभर में अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है।

जिले की इतिहास पर लिखी त्रिपुरारि भास्कर की पुस्तक जौनपुर का इतिहास में अटाला मस्जिद के बारे में भी लिखा गया है। जिन्होंने अटाला के नाम के संबंध पर बताया कि लोगों का विचार है कि यहां पहले अटलदेवी का मंदिर था, क्योंकि अब भी मोहल्ला सिपाह के पास गोमती नदी किनारे अटल देवी का विशाल घाट है। अंत में यह अटाला मस्जिद के नाम से प्रसिद्ध हुआ। इसका निर्माण कन्नौज के राजा विजयचंद्र के जरिए हुआ था और इसकी देखरेख जफराबाद के गहरवार लोग किया करते थे। यह कहा जाता है कि इस मंदिर को गिरा देने का हुक्म फिरोज शाह ने दिया था परंतु हिंदुओं ने बहादुरी से इसका विरोध किया, जिसके कारण समझौता होने पर उसे उसी प्रकार रहने दिया गया था।

अंत में 1364 ई. में ख्वाजा कमाल खां ने इसे मस्जिद का रूप देना प्रारंभ किया और 1408 में इसे इब्राहिम शाह ने पूरा किया। इसके विशाल लेखों से पता चलता है कि इसके पत्थर काटने वाले राजगीर हिंदू थे जिन्होंने इस पर हिंदू शैली के नमूने तराशे है। कहीं-कहीं पर कमल का पुष्प उत्कीर्ण है। यह मस्जिद जौनपुर की शिल्पकला का एक अति सुंदर नमूना है। इसके मध्य के कमरे का घेरा करीब 30 फीट है यह एक विशाल गुंबद से घिरी है जिसकी कला, सजावट और बनावट मिश्र शैली के मंदिरों की भांति है।

उत्कीर्ण बेलबूटे को देखकर होता है भ्रम : इस बाबत साहित्यकार डाक्टर ब्रजेश कुमार यदुवंशी ने कहा कि जिले में जो भी मस्जिदें बनी है वह स्थापत्य काल का नमूना है। शाही अटाला मस्जिद के पत्थरों में बेलबूटे उत्कीर्ण है, इसको देखकर लोग भ्रम में हो जाते है। इस भ्रम को आधार मानते हुए लोग कहते है कि कभी यहां भी मंदिर रहा होगा। जिले में बौद्धकाल में बहुत सी ऐतिहासिक इमारतें थीं, अब बौद्धकालीन अवशेष कहीं दिखलाई नहीं पड़ रहे है। बावजूद इसके शाही पुल पर हाथी के ऊपर शेर वाली मूर्ति बौद्धकाल की गाथा को प्रदर्शित कर रहा है।

'