Today Breaking News

बनारस में बारात आने के 4 घंटे पहले ही दूल्हे राजा रेप केस में गिरफ्तार...बंद हो गया DJ व मंगल गीत गाना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी के एक गांव में बारात आने के 4 घंटे पहले ही दूल्हा रेप केस में गिरफ्तार हो गया। रात 11 बजे तक जब बारात नहीं आई, तो लड़की वाले 11:30 बजे लड़के के घर पहुंचे। वहां उन्हें सच्चाई का पता चला। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी की शादी करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद लड़की के घर वाले थाने पहुंचे और लड़के वालों के साथ खर्च वापस करने को लेकर देर रात तक पंचायत की। मामला हरहुआ बड़ागांव थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, लड़के की प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया। आरोप है कि उसका लड़के के साथ 1 साल से अफेयर चल रहा था। लेकिन वह किसी और से शादी करने जा रहा था।

हरहुआ बड़ागांव में रहने वाली एक युवती की शादी रुस्तमपुर सारनाथ के रहने वाले श्यामलाल पटेल के बेटे गोविंद कुमार पटेल से तय हुई थी। 21 अप्रैल (रविवार) को शादी थी। दोनों के परिवार वाले शादी की तैयारी में जुटे थे। मगर, लड़के के गिरफ्तार होने से शादी टूट गई।

लड़की के पिता ने बताया, ''मैंने करीब 1 साल पहले गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने गोविंद कुमार पटेल से बड़ी बेटी की शादी करने की बात कही। गोविंद रुस्तमपुर गांव का रहने वाला है। इसके बाद हमारे परिवार वालों ने लड़का देखा। हमें लड़का पसंद आ गया। इसके बाद लड़की दिखाई हुई और लड़के वालों को मेरी बेटी भी पसंद आ गई। इसके बाद हमने अपनी बेटी की शादी गोविंद से तय कर दी। 21 अप्रैल को शादी की तारीख तय की गई थी।''
शादी के लिए लड़की के घर के आंगन में लगा मंडप।
उन्होंने बताया, ''रविवार को मेरे घर बारात आने वाली थी। इसलिए हम लोगों ने शादी की पूरी तैयारी कर ली थी। दहेज में देने के लिए बाइक भी खरीद कर रख ली गई थी। घर में सभी लोग बहुत खुश थे। जैसी ही शाम हुई, हम लोग बार-बार लड़के के घर वाले को फोन कर पूछने लगे कि बारात कब निकलेगी।

उधर से लड़के के पिता यही बोलते बस तैयारी हो रही है, जल्द ही बारात निकलेगी। हम उनका इंतजार करते रहे। धीरे-धीरे शाम के 8 बज गए, मगर बारात नहीं आई। हमने फिर फोन किया, तो लड़के के पिता बोले- बस 10 मिनट में बारात निकल रही है।

इसके बाद हमने रात 11 बजे तक बारात का इंतजार किया। फिर लड़के के घर जाने के फैसला किया। 11:30 हम लोग लड़के के घर पहुंचे, तो पता चला कि लड़का सारनाथ थाने में बंद है। उसके ऊपर रेप का आरोप है। हमने पुलिस से बात की, तो उन्होंने बताया कि लड़के की प्रेमिका ने उसके ऊपर रेप का आरोप लगाया है।

लड़की के पिता ने बताया कि लड़के का किसी दूसरी लड़की से अफेयर चल रहा था। इस बारे में लड़के के घर वालों को पता था, लेकिन उन लोगों ने यह बात छिपाए रखी। रविवार को गोविंद की प्रेमिका सारनाथ थाने पहुंच गई और शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने बारात निकलने से पहले दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। हम लोगों ने रविवार शाम से लेकर रात तक सारनाथ थाने में लड़के वालों के साथ पंचायत की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

लड़की के पिता ने बताया कि जब उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई तो ऐसा लगा कि उनके पैरों तले जमीन खिसक गई हो। अपने घर जाने की भी हिम्मत नहीं पड़ रही थी। मेरी बेटी दुल्हन के जोड़े में तैयार होकर बारात और दूल्हे के आने का इंतजार कर रही थी। इस बारे में बेटी को बताने की किसी को हिम्मत नहीं हो रही थी।

पिता ने कहा कि हम लोगों ने DJ बंद कराया और महिलाएं को मंगल गीत गाने से मना कर दिया। इस पर बेटी ने जिद पकड़ ली, तब उसे सच्चाई बताई। उसके बाद वह खुद हिम्मत जुटाते हुए घरवालों को मनाने में जुट गई। उसने कहा कि शादी के पहले ही यह सब हो गया। अगर शादी के बाद ऐसा कुछ होता, तो उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाती।

लड़के की प्रेमिका ने थाने में शिकायत दी, ''सारनाथ के रहने वाले गोविंद के पिता सरकारी लाइनमैन हैं। गोविंद भी प्राइवेट लाइनमैन है। वह एक साल पहले बिजली का काम करने रुस्तमपुर मेरे घर आया था। उसी दौरान हम दोनों का अफेयर हो गया था। फिर रोज हम दोनों में बातें होने लगीं।

हमने साथ जीने-मरने कि कसम खाई। गोविंद ने शादी का झांसा देकर उसने मेरा रेप किया। मैं जब भी शादी के बात करती, वो बहाने बनाने लगता। हम दोनों की कास्ट अलग होने से लड़के के घर वाले भी इस बात से तैयार नहीं थे। उन लोगों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। हम दोनों एक साल से प्रेम करते हैं। लेकिन अब ये मुझे छोड़ कर दूसरी शादी कर रहा है। मुझे इसके बारे में कल ही पता चला इसलिए मैं पुलिस के पास आई हूं।''
'