Today Breaking News

यूपी STF ने RO/ARO पेपर लीक कराने वाले अमित सिंह को दबोचा, चलाता था कॉमर्स की कोचिंग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. यूपी STF ने RO/ARO परीक्षा पेपर लीक मामले में अमित सिंह को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी STF मुख्यालय में उससे पूछताछ के बाद की गई। मूल रूप से गोंडा निवासी अमित सिंह लखनऊ के गोमतीनगर में कॉमर्स की कोचिंग चलाता था। प्रयागराज के नैनी स्थित आरोग्यम हास्पिटल में कुछ अभ्यर्थियों को बुलाया गया था और वहीं उन्हें पहले ही उत्तर रटवाया गया था।

STF के मुताबिक, RO/ARO पेपर लीक होने के मामले में कौशांबी के थाना मंझनपुर में मुकदमा दर्ज होने के बाद विवेचना में अमित सिंह का नाम सामने आया था। इसके चलते उसकी गिरफ्तारी हुई है। वह 2023 में CTET पेपर आउट मामले में जेल जा चुका है।

वहीं, RO/ARO परीक्षा लीक मामले में अरुण कुमार सिंह और सौरभ शुक्ला को 15 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद यूपी पुलिस भर्ती पेपर लीक के मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा को 2 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। राजीव से पूछताछ में अमित सिंह का नाम सामने आया था। इसके बाद उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। तथ्य सही पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया।

अमित सिंह ने पूछताछ पर बताया कि गोमतीनगर में कॉमर्स की कोचिंग चलाने के दौरान दीपक दुबे बलिया के माध्यम से राजीव नयन उर्फ राहुल मिश्रा से संपर्क हुआ था। राजीव नयन को टीजीटी परीक्षा-2020/21 का पेपर पढ़ाने के लिए 20 लाख रुपए दिए थे। उसके बाद से कई भर्ती परीक्षाओं में राजीव नयन को कैंडिडेट उपलब्ध करा चुका है।

राजीव नयन ने पुलिस भर्ती और RO/ARO भर्ती परीक्षा 2023 में पेपर आउट कराने के लिए कहा था। साथ ही दावा किया था कि लखनऊ और प्रयागराज में पेपर का उत्तर पढ़ाया जाएगा। इसके चलते डॉ. शरद सिंह से 15 लाख रुपए प्रति अभ्यर्थी देना तय हुआ था। इसके बाद सभी लड़कों को राजीव नयन मिश्र के नैनी प्रयागराज स्थित अपने आरोग्यम हॉस्पिटल में ले जाकर पेपर पढ़वाया गया था।


'