Today Breaking News

मां ने प्रेमी के लिए मासूम की हत्या की, पिता बोले- पहले भी 2 बच्चों को मारा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. कानपुर में बॉयफ्रेंड के लिए मां ने 4 साल के बेटे की हत्या कर दी थी। महिला पहले भी एक बार भाग चुकी थी। तब पुलिस ने उसे इंस्टाग्राम और मोबाइल लोकेशन से पकड़ा था। वहीं, इस बार बच्चे की हत्या के बाद भागने की फिराक में महिला बैग में रखे अपने और बॉयफ्रेंड के कपड़ों से पकड़ी गई।
यह तस्वीर आरोपी मनीषा के हैं, जिसने अपने 4 साल के बेटे अनिरुद्ध की हत्या कर दी।
नरवल के रहने वाले सुशील की शादी फतेहपुर की मनीषा यादव के साथ हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हुए, जिसमें दो की मौत हो गई थी। बस एक बेटा अनिरुद्ध (4) ही बचा था। इस घटना को समझने के लिए ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम कानपुर से प्रतापपुर गांव पहुंची। घटना से गुस्साए गांव वालों से बातचीत की, पढ़िए पूरी रिपोर्ट...

घर के सामने की दुकान से शुरू हुई लव स्टोरी 
सुशील और मनीषा की शादी 21 फरवरी, 2019 को हुई थी। एक साल बाद मनीषा की एक बेटी अंजू हुई। उसके एक साल बाद बेटा अनिरुद्ध और फिर छोटा बेटा अनुराग हुए। शादी के 2 साल बाद सुशील ने मनीषा को एक एंड्रॉयड फोन दिया था, जिससे वो बॉयफ्रेंड विकास से बात करने लगी।

सुशील के घर के सामने एक परचून की दुकान है, जहां गांव का ही विकास दुकान पर समान खरीदने आता-जाता था। विकास का घर सुशील के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। इसी दुकान पर मनीषा और विकास में बातचीत शुरू हुई।
मनीषा के मोबाइल में उसके अपने बच्चे अनिरुद्ध के साथ तस्वीर मिली।
2022 में दोनों की दोस्ती हो गई। विकास दुकान में बैठकर इंतजार करता, मनीषा भी छत पर आकर खड़ी हो जाती थी। दोनों एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराते और इशारों-इशारों में बात करते थे।

नजदीकी बढ़ी तो छिपकर मिलने लगे
मनीषा और विकास के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो दोनों एक दूसरे से छिप-छिपकर मिलने लगे। विकास अपनी प्रेमिका मनीषा को देखने के बहाने रोज सुबह-शाम दुकान जाता था। मनीषा भी सुबह जल्दी घर का काम करके छज्जे पर बैठकर प्रेमी विकास का घंटों इंतजार किया करती थी।

विकास जिस दिन दुकान नहीं आता था, तो वह उदास रहा करती थी। विकास और मनीषा का लव अफेयर पिछले ढाई सालों से चल रहा था। लेकिन कभी किसी ने शक नहीं किया। हालांकि, ग्रामीणों में दोनों के प्रेम प्रसंग की चर्चा होती रहती थी।

पति सुशील ने बताया- रविवार की शाम करीब 4 बजे वह पत्नी मनीषा और 4 साल के बेटे अनिरुद्ध के साथ खेत पर गया हुआ था। वहां से शाम 6 बजे पत्नी मनीषा और बेटे को घर भेज दिया। जब मैं रात को घर पहुंचा तो मनीषा ने कहा कोल्ड ड्रिंक पीने का मन कर रहा है। जाओ लेकर आओ।

मैंने उससे पूछा कि दूध लाया हूं, अनिरुद्ध कहां है। तो मनीषा ने कहा, वह बाबा के साथ छत पर सो रहा है। जब छत पहुंचकर अनिरुद्ध को जगाने की कोशिश की, तो बच्चे में कोई हरकत नहीं हुई। मैं घबरा गया और हॉस्पिटल ले गया। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

घर में रखे बैग में मिले मनीषा और बॉयफ्रेंड के कपड़े
मैं घर आया और पत्नी से पूछताछ की तो उसने कुछ नहीं बताया। जब मैंने कमरे में ही एक बैग रखा देखा तो पूछा ये क्या है। तो कुछ नहीं बोली। मैंने जब उसे चेक किया तो उसके अंदर कपड़े भरे हुए थे। उसमें उसके बॉयफ्रेंड के कपड़े भी रखे थे।

घर के अंदर बैठी मनीषा भी भागने के लिए पूरी तरह से तैयार थी। जब हमारे परिवार के लोगों ने सख्ती की तो उसने बेटे अनिरुद्ध की हत्या की बात कबूली। उसने बताया कि बेटे को मारने के बाद वह विकास के साथ भागने वाली थी।

पीड़ित पिता ने ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम से बातचीत में बताया- घर के इकलौते चिराग की हत्या करने के पहले भी घर में दो बच्चों की संदिग्ध मौत हुई थी। उस समय हम लोग समझ नहीं पाए थे। 2022 में डेढ़ साल की बेटी अंजू और 2024 में 6 महीने के बेटे अनुराग की मौत हुई थी। उस समय भी महिला घर पर अकेली ही थी।
मनीषा के पति सुशील ने कहा- मुझे कभी नहीं लगा कि पत्नी बच्चे को मार देगी।
अब सब कुछ सामने आने के बाद यकीन हो गया है। मेरे उन दोनों बच्चों की हत्या भी मनीषा ने ही की होगी। इस संदर्भ में भी पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर शिकायत करेंगे।

इंस्टाग्राम की आईडी से पकड़े गए विकास और मनीषा
16 अप्रैल को घर छोड़कर भागी थी मनीषा पुलिस पूछताछ में पता चला कि मनीषा 16 अप्रैल को विकास के साथ भाग गई थी। इसके बाद विकास ने मोबाइल में नई इंस्टाग्राम आईडी बनाई और मनीषा के साथ गले में हाथ डाल कर फोटो शेयर की। पीड़ित के परिवारजनों ने देखा तो सुशील को जानकारी दी, जिसके बाद उसने पुलिस को इस बारे में बताया।

पुलिस ने लोकेशन की मदद से 22 अप्रैल को दोनों को पकड़ लिया और थाने ले आई। इस दौरान मनीषा ने अपने प्रेमी विकास के साथ रहने की इच्छा जताई। हालांकि किसी तरह समझौता हुआ और मनीषा अपने पति सुशील के साथ रहने के लिए राजी हो गई।

विकास यादव के परिवार में पिता सतवंत यादव, मां रानी, बड़ा भाई विशाल है। विकास की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जाती है। विकास बिहार में नौकरी करता है। उसके पिता खेती किसानी करते हैं।
यह तस्वीर ग्रामीण पुत्तू सिंह की है। उन्होंने बताया- अनिरुद्ध बहुत ही अच्छा लड़का था
घटना के बाद गुस्से में परिवार और गांव वाले घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। अनिरुद्ध की चचेरी दादी नीशू यादव ने बताया कि अनिरुद्ध बहुत ही अच्छा लड़का था। वह अपनी मां से बहुत प्यार करता था,दिन भर मम्मी-मम्मी चिल्लाता रहता था। मनीषा रविवार को खेत से शाम को वापस आई और उसकी हत्या कर दी है।

किसी को शक न हो इससे बचने के लिए वह किचन में आकर खाना बनाने लगी। अनिरुद्ध के गले में निशान था, जिससे हम लोगों को शक हुआ। सबसे पहले अनिरुद्ध के पास उसके पिता सुशील गए थे, जब वो बेटे को लेकर नीचे आए तब बाकी परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई।
यह तस्वीर आशा देवी की है, जिन्होंने मनीषा के तीनों बच्चों की डिलीवरी करवाई थी।
सोमवार को बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ, जिसमें डॉक्टरों ने बच्चे की गला घुटने से मौत की पुष्टि की है। घटना में डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने पुलिस टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़ित सुशील की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या के आरोप में मनीषा और उसके प्रेमी विकास के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

सोमवार को पुलिस ने मनीषा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था, जहां कोर्ट के आदेश पर मनीषा को जेल भेज दिया गया। वहीं फरार प्रेमी विकास को पुलिस ने मंगलवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया।
 
 '