गाजीपुर में फिर आएगी बाढ़, प्रति घंटे 1 सेमी की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा नदी का जलस्तर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ने लगा है। जहां बुधवार की सुबह 15 सेमी प्रति घण्टे की रफ्तार दर्ज की गई थी। वही शुक्रवार को यह रफ्तार घट कर 1 सेमी प्रति घण्टे की देखी गयी।
तटवर्ती इलाके में रहने वालों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। यह अलग बात है कि गाजीपुर में अभी गंगा सामान्य जलस्तर से भी कई मीटर नीचे हैं, लेकिन भविष्य में संभावित बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग चिंतित नजर आ रहे हैं।
केंद्रीय जल आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर आज सुबह 55.900 मीटर दर्ज किया गया है। यह सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर से काफी नीचे है। नदी का जलस्तर प्रति घंटे 1 सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है।
बाढ़ की स्थिति के मापदंड के अनुसार, 61.550 मीटर चेतावनी बिंदु है, जबकि 63.105 मीटर खतरे का स्तर माना जाता है। उच्चतम बाढ़ स्तर 65.220 मीटर निर्धारित है। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2021 में गंगा का उच्चतम जलस्तर 64.680 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2023 में 61.700 मीटर दर्ज किया गया था। 2019 में यह स्तर 64.530 मीटर तक पहुंचा था।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड से आ रहे पानी की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इसमें यूपी में हुई बारिश का पानी भी शामिल है। फिलहाल उन्होंने अभी स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है।
गंगा किनारे रहने वालों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में गंगा का जलस्तर 6 मीटर से ज्यादा ऊपर आ गया है लेकिन अभी भी सामान्य जलस्तर से काफी नीचे गंगा का पानी है। गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी दिनों में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन एलर्ट मोड में आ चुका है। गंगा का पानी लगातार बढ़ता हुआ दर्ज किया जा रहा है।