Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, किसानों की फसलें डूबीं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक बार फिर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। सुबह 8 बजे नदी का जलस्तर 63.110 मीटर दर्ज किया गया। यह स्तर खतरे के निशान 63.105 मीटर से अधिक है।
जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के मुताबिक, गाजीपुर में 62.100 मीटर चेतावनी बिंदु है। पिछले तीन वर्षों का रिकॉर्ड देखें तो 2024 में 63.670 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2021 में 64.680 मीटर अधिकतम जलस्तर रहा। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गंगा का जलस्तर 5 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

बाढ़ से जिले की सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद तहसीलों के तटवर्ती क्षेत्र प्रभावित हैं। किसानों की सैकड़ों बीघा खेती और फसलें जलमग्न हो गई हैं। रेवतीपुर में नगदीलपुर कामाख्या धाम मार्ग समेत कई सम्पर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी आ गया है।


स्थानीय लोग पशुओं के लिए भूसा और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। एडीएम दिनेश कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है। प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। तटवर्ती इलाकों के लोगों में गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता है।

 
 '