गाजीपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे, फसलें डूबीं; सैदपुर में दिखा घड़ियाल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 63.105 मीटर से नीचे आ गया है। आज सुबह 8 बजे जलस्तर 62.920 मीटर दर्ज किया गया। जिले की पांच तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं। सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद के तटवर्ती इलाकों में स्थिति गंभीर है। किसानों के सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न हो गए हैं। कई संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी चढ़ने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
सैदपुर के फुलवारी गांव में एक विशाल घड़ियाल दिखने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी में तैरते घड़ियाल का वीडियो बनाया। भीड़ जमा होने पर घड़ियाल पानी में समा गया। इस घटना के बाद लोग नदी में नहाते समय सतर्क हो गए हैं। जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के अनुसार, 5 अगस्त को जलस्तर 64.690 मीटर तक पहुंच गया था।
पिछले तीन साल में 2021 में 64.680 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2024 में 63.670 मीटर अधिकतम जलस्तर रहा। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट है। नवापुरा, स्टीमर घाट, ददरीघाट, जैतपुरा घाट और गंगा तट के निचले इलाकों में निगरानी जारी है। रेवतीपुर, भांवरकोल और करंडा में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
