गाजीपुर DM ने तहसील सदर का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के निस्तारण के दिए निर्देश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शनिवार को तहसील सदर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों और पटलों का जायजा लिया और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर और तहसील सदर के न्यायालय कक्षों में रखी फाइलों का अवलोकन किया। उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, नायब तहसीलदार नगर सदर, बिरनो और करंडा न्यायालय/कार्यालय, तहसील अभिलेखागार कक्ष, न्यायालय तहसीलदार न्यायिक, भूलेख कंप्यूटर कक्ष तथा न्यायालय तहसीलदार सदर में लंबित पुरानी पत्रावलियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शेष फाइलों में समय पर दाखिल दफ्तर की कार्रवाई पूरी की जाए।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का भी जायजा लिया गया। संग्रह कार्यालय और रिकॉर्ड रूम में लंबित पत्रावलियों, ऑनलाइन आरसी, स्टांप रजिस्टर, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, खसरा, खतौनी सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, तहसीलदार सदर राजीव यादव, नायब तहसीलदार और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
