गाजीपुर में एजेंसियों पर सीमित सिलिंडर सप्लाई, खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद में गैस सिलिंडर की सप्लाई व्यवस्था चरमरा गई है। प्रशासन भले ही पांच लाख कनेक्शन के सापेक्ष एजेंसियों पर करीब 30 हजार घरेलू गैस सिलिंडर का स्टाक होने का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग दिख रही है। गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही है और लोग घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं।
सबसे ज्यादा संकट कामर्शियल सिलिंडर को लेकर है, जिसकी सप्लाई लगभग बंद हो गई है। इससे होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ ही शादी-समारोह के आयोजकों के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है, जबकि घरेलू गैस भी बुकिंग के छह से सात दिन बाद मिल पा रही है।।
बुधवार को जिले की कई गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। देवकली स्थित बाबा गनिनाथ गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी रही। दिलदारनगर की मधु भारत गैस एजेंसी पर भी उपभोक्ता घंटों कतार में खड़े रहे।
बकुलियापुर स्थित प्रतिमा गैस एजेंसी पर भी सुबह से सैकड़ों लोग सिलिंडर लेने पहुंचे थे, लेकिन काउंटर बंद कर कर्मचारी चले गए। इससे नाराज लोगों ने अंधऊ-लंका मार्ग पर कुछ देर तक जाम भी लगा दिया। लगातार बढ़ रही परेशानी से उपभोक्ताओं में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
गैस एजेंसियों के अनुसार कंपनियों के सॉफ्टवेयर अपडेट होने के कारण पिछले दो दिनों से कई स्थानों पर ऑनलाइन बुकिंग भी प्रभावित रही। इससे समस्या और बढ़ गई है।
जिले की 66 गैस एजेंसियों पर पहले से बुकिंग कराने वालों को प्राथमिकता के आधार पर ही होम डिलीवरी दी जा रही है। एजेंसियों पर गैस से भरी गाड़ियां सीमित संख्या में पहुंच रही हैं, जिससे वितरण प्रभावित हो रहा है। जलालाबाद के नीलकंठ एचपी ग्रामीण वितरक के संचालक मनीष कुमार साहू ने बताया कि सात मार्च के बाद आने वाले उपभोक्ताओं की केवल बुकिंग की जा रही है। गैस वाहन आने के बाद ही वितरण संभव हो पा रहा है। धर्मागतपुर स्थित वृंदा इंडेन ग्रामीण वितरक पर भी लगभग यही स्थिति बनी हुई है।
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स आफिसर अभिनव के अनुसार 15 गैस एजेंसियों पर 6290 सिलिंडर उपलब्ध है, जबकि 450 की एक गाड़ी तथा 360 की एक गाड़ी 10 मार्च की रात तक पहुंच जाएगी। भारत पेट्रोलियम के सेल्स आफिसर नेहाल पांडेय के अनुसार 11 एजेंसियों पर 6322 सिलिंडर का स्टाक है और 11 मार्च को 360 सिलिंडर की एक गाड़ी आएगी। इंडियन आयल कंपनी के अखिलेश के अनुसार 38 एजेंसियों पर 16595 सिलिंडर का स्टाक है।
जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि जिले की 66 गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार है और ओटीपी के माध्यम से नियमित वितरण कराया जा रहा है। प्रशासन पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति पर लगातार नजर रखे हुए है। एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में आपूर्ति न रोकी जाए। अवैध भंडारण या कालाबाजारी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
