Today Breaking News

गाजीपुर में नवजात का शव नदी से बरामद, नदी से बाहर निकाला गया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत के मामले में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। विशुनपुरा गांव स्थित भैंसही नदी से नवजात का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यह कार्रवाई जखनिया के नायब तहसीलदार अनुराग यादव और दुल्लहपुर पुलिस की देखरेख में हुई।
इस मामले में पुलिस पहले ही निजी नर्सिंग होम संचालक डॉ. महेंद्र मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उन पर प्रसव के दौरान बच्चे की मौत का आरोप है। पुलिस के अनुसार, पहले दर्ज मुकदमे की जांच के बाद धाराओं में संशोधन किया गया। अब यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या में परिवर्तित कर दिया गया है।

जांच के दौरान नवजात शिशु का शव विशुनपुरा गांव के पास भैंसही नदी में होने की जानकारी मिली थी। सूचना पर नायब तहसीलदार अनुराग यादव की देखरेख में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की निशानदेही पर शव को नदी से बाहर निकाला गया।

पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुल्लहपुर थाना के कार्यवाहक थाना अध्यक्ष सर्वजीत यादव ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी (डीएम) के आदेश पर की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।