Today Breaking News

गाजीपुर में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की समीक्षा बैठक, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में 14 और 15 मार्च 2026 को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम पुलिस लाइन सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अवैध गतिविधि को रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाए।

अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी जमानिया, सैदपुर, भुड़कुडा सहित जनपद के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने परीक्षा को सुचारु और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय पर जोर दिया।