गाजीपुर में 230 लीटर अवैध शराब नष्ट, न्यायालय के आदेश पर की गई कार्रवाई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में थाना दिलदारनगर परिसर में विभिन्न मामलों में बरामद अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब को विधिवत नष्ट किया गया। इस दौरान कुल 42 मुकदमों से संबंधित लगभग 230 लीटर शराब को विनष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
शराब नष्ट करने की कार्रवाई क्षेत्राधिकारी जमानियां, नायब तहसीलदार सेवराई, क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक तथा सहायक अभियोजन अधिकारी की मौजूदगी में संपन्न हुई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर बरामद शराब को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। अवैध शराब के विनष्टीकरण से संबंधित अभिलेख भी तैयार किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
