Today Breaking News

गाजीपुर में पेयजल पाइपलाइन फटने से 500 घरों की आपूर्ति बाधित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर शहर के ददरी घाट स्थित हनुमान मंदिर के सुंदरीकरण कार्य के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे से ददरी घाट, कोयला घाट, आमघाट, मियापुर और कलेक्टर घाट समेत आसपास के लगभग 500 घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। इससे स्थानीय निवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
सुभाष नगर के सभासद सनी चौरसिया ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था ने नगर पालिका से बिना अनुमति (एनओसी) लिए सड़क की खुदाई की। उन्होंने बताया कि हनुमान मंदिर के सामने सड़क खोदते समय पाइपलाइन टूट गई, जिससे पूरे क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हुई।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, खुदाई के दौरान मंदिर के मुख्य द्वार के पास एक बड़ा पत्थर निकला था। इसे दोबारा जमीन में दबाने के लिए सड़क खोदी गई और इसी प्रक्रिया में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मंदिर के पुजारी ने इस मामले पर कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंदिर के सुंदरीकरण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा खोदे गए गड्ढे से पेयजल पाइपलाइन फट गई। उन्होंने यह भी बताया कि गड्ढे से निकली मिट्टी को पीछे स्थित बड़े नाले में डाल दिया गया, जिससे नाला भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।


अध्यक्ष अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका की सड़क खोदने या तोड़ने से पहले संबंधित एजेंसी को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य होता है, जिसका पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में नियमानुसार संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, नगर पालिका की टीम क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत और नाले से मिट्टी हटाने के कार्य में लगी हुई है। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि पेयजल आपूर्ति और जल निकासी व्यवस्था को जल्द ही पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।