गाजीपुर जिले के तीन तीरंदाज उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश पुलिस में खिलाड़ियों की हालिया भर्ती में गाजीपुर जिले के तीन तीरंदाजों का चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों ने द्रोणा आर्चरी एकेडमी और जिले का मान बढ़ाया है। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चयनित होने वालों में फुल्ली निवासी वीरेंद्र श्रीवास्तव की पुत्री खुशी श्रीवास्तव (रिकर्व आर्चर) शामिल हैं। वह वर्तमान में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) रायपुर में कोच सतीश दुबे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
मुनेंद्र के पुत्र रोहित कुमार का भी उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन हुआ है। रोहित वर्तमान में आईटीबीपी में कार्यरत हैं और SAI उत्कृष्ट केंद्र कोलकाता में अभ्यास कर रहे हैं।
बरूईन निवासी भावना सिंह ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस में जगह बनाई है। वह संजीव सिंह आर्चरी अकादमी, देवरिया में प्रशिक्षण ले रही हैं।
प्रसिद्ध तीरंदाजी कोच सतीश दुबे ने खिलाड़ियों की इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
द्रोणा आर्चरी एकेडमी के सचिव नंदू दुबे ने जानकारी दी कि इस भर्ती प्रक्रिया में एकेडमी और उससे जुड़े कुल 13 खिलाड़ियों का विभिन्न विभागों में चयन हुआ है। उन्होंने इसे पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया और सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
