गाजीपुर में पुलिस की गाड़ी से कूदकर धरने पर बैठा युवक, पकड़ने पर बस के नीचे घुसा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम को जमकर बवाल का सामना करना पड़ा। बुलडोजर चलाने के दौरान स्थिति बेकाबू हो गई। इसके बाद पुलिस कब्जा करने वालों को को हिरासत में लेकर थाने जाने लगी।
जैसी ही पुलिस की गाड़ी बाजार पहुंची, एक युवक गाड़ी से कूदकर धरने पर बैठ गया। फिर वह सड़क पर बैठकर चिल्लाने लगा। जब पुलिसवाले उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तो वह चिल्लाते हुए रोडवेज बस के नीचे घुस गया।
युवक की हरकतों को देखने के लिए बाजार में भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान हाईवे 30 मिनट तक जाम लगा रहा। पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने युवक को दोबारा जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया और थाने ले गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामला दुल्लहपुर थाना क्षेत्र का गुरुवार शाम करीब 4 बजे का है। जलालाबाद गांव के नसीरपुर मौजा के रहने वाले धागा राम की जमीन है। इस पर पड़ोसी बहादुर राम ने कब्जा कर लिया था। राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- इस जमीन की पैमाइश और पत्थर लगाने की कार्रवाई पहले ही पूरी हो चुकी थी। धागा राम को इसके बावजूद जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा था।
इस पर धागा राम ने 18 जुलाई (शनिवार) को समाधान दिवस में डीएम अनुपम शुक्ला से कब्जा दिलाने की गुहार लगाई थी। डीएम ने राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष और लेखपाल की टीम को कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। गुरुवार शाम करीब 4 बजे राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह पुलिस फोर्स, लेखपाल की टीम और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इस पर कब्जा करने वाले बहादुर राम के परिवार की महिलाओं-पुरुषों ने विरोध शुरू कर दिया।
पूरा परिवार राजस्व और पुलिस टीम से भिड़ गया। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने मौके से 6 लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें बहादुर राम का बेटा मनु कुमार भी शामिल था। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों को गाड़ी से थाने ले जाने लगी।
दुल्लहपुर त्रिमुहानी के पास जैसे ही बाजार आया, मनु कुमार चलती गाड़ी से नीचे कूद गया। इसके बाद वह सड़क पर बैठकर चीखने-चिल्लाने लगा। जब पुलिसवाले उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तो वह चिल्लाते हुए रोडवेज बस के नीचे घुस गया।
मनु कुमार की हरकतों को देखने के लिए बाजार में भारी भीड़ जुट गई। इससे गाजीपुर-आजमगढ़-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात थमा रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हंगामे के बीच पुलिसकर्मियों और मनु कुमार के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात पर काबू पाया। इसके बाद मनु कुमार को फिर से गाड़ी में बैठाया और दुल्लहपुर थाने ले गई।
थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि प्रशासनिक आदेश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान सरकारी काम में बाधा डालने और उपद्रव करने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
