Today Breaking News

गाजीपुर में नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका का पेड़ से लटका मिला शव, 3 दिन पहले कमाकर घर लौटा था प्रेमी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गुरूवार सुबह 7 बजे नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। दोनों के शव गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर नदी किनारे बबूल के पेड़ पर एक ही रस्सी के फंदे से लटके मिले।
सुबह टहलने के लिए निकले ग्रामीणों ने दोनों के शवों को फंदे से लटकते देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

ग्रामीणों ने बताया- दोनों के घर करीब 150 मीटर के दूरी पर हैं। दोनों में 2 साल से अफेयर चल रहा था। हालांकि दोनों एक ही समुदाय से थे, पर परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। बुधवार देर रात दोनों घर से भाग निकले थे। सुबह दोनों के शव फंदे से लटकते मिले।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों के परिवारों से पूछताछ की जा रही है। घटना जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर शादियाबाद थाना क्षेत्र की है। परिजनों के मुताबिक, किशोर ने बुधवार रात करीब 11 बजे परिवार के साथ खाना खाया और अपनी मां इंदा देवी के साथ सोने चला गया। रात में वह कब घर से निकल गया, इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी।

उधर, गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे किशोरी के पिता लड़के के घर पहुंचे और उसके बारे में पूछा। तब परिवार को पता चला कि उनका बेटा भी घर में नहीं है। दोनों परिवारों को आशंका हुई कि दोनों कहीं साथ चले गए हैं। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों को फोन कर तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह नदी किनारे गए ग्रामीणों की नजर बबूल के पेड़ पर लटके दो शवों पर पड़ी। पास जाकर देखा तो दोनों गांव के ही किशोर और किशोरी थे। सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

ग्राम प्रधान महेंद्र राम ने पुलिस को सूचना दी। शादियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध थे। दोनों अक्सर मोबाइल फोन पर बात करते थे और एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। दोनों एक ही समुदाय से थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लड़के की शादी के लिए परिवार काफी समय से रिश्ता देख रहा था, लेकिन किसी न किसी कारण से बात नहीं बन पा रही थी।

गांव वालों के मुताबिक, किशोर राजमिस्त्री के साथ टाइल्स लगाने का काम करता था। वह रोजी-रोटी के लिए बाहर रहता था और घटना से तीन दिन पहले ही कमाकर गांव लौटा था।

घटनास्थल पर बेटे का शव देखकर उसकी मां बेसुध हो गई। रोते-बिलखते उन्होंने लड़की पक्ष पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस को मौके से ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे हत्या की पुष्टि हो सके। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के शव एक ही तरह की नई रस्सी से लटके मिले। ग्रामीणों ने बताया कि लड़के के पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि किशोरी के पिता मछली काटने का काम करते हैं। दोनों परिवारों के बीच पहले से अच्छे संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था।

ग्राम प्रधान कुमार शिवेंद्र ने बताया कि दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। शुरुआती जानकारी में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं गांव निवासी प्रमोद ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों एक-दूसरे से मोबाइल पर बात करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों के लोग एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है।