गाजीपुर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस हिरासत में पति और ससुर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र के फिरोशापुर गांव में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर सीलिंग फैन से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान अमरजीत राम की पत्नी ज्योति उर्फ प्रिया देवी के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी गांव के लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराने के बाद मामले की जानकारी जंगीपुर थाने को दी।
मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इनमें पांच वर्षीय पुत्र अभिराज और तीन वर्षीय पुत्री अनन्या शामिल हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के सामने पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। बताया गया कि मृतका के ससुर नारद राम ने फोन कर उसके मायके पक्ष को सूचना दी कि ज्योति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी पुलिस बल, सरौली उर्फ पहेतीया चौकी प्रभारी गजेंद्र राय और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डॉक्टरों ने शव का प्रारंभिक परीक्षण किया और मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने जांच के दौरान मृतका के पति अमरजीत राम और ससुर नारद राम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही नायब तहसीलदार, क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को भी घटना की सूचना देकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कराई गई।
मृतका के पिता जोगिंदर राम ने जंगीपुर थाने में तहरीर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योति और अमरजीत ने प्रेम विवाह किया था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
