Today Breaking News

गाजीपुर में अनियंत्रित अर्टिगा 20 फुट गहरी खाई में पलटी, चालक बाल-बाल बचा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के खानपुर के अनौनी में एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार 20 फुट गहरी खाई में पलट गई। मेहनाजपुर से औड़िहार जा रहे तरवा आजमगढ़ निवासी अरुण यादव इस हादसे में बाल-बाल बच गए, उन्हें मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जेसीबी से कार को भी खाई से बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि चालक को प्राथमिक उपचार दिया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जियापुर से औड़िहार तक सड़क पर सही दिशा सूचक और लेन मार्किंग नहीं है। इससे चालकों को रास्ता समझ नहीं आता और अक्सर हादसे होते हैं। अनौनी गांव के अमरजीत राजभर ने बताया कि यहां हर साल 100 से ज्यादा दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी चली जाती है।