Today Breaking News

गाजीपुर में शराब ठेके के पास फायरिंग, CISF जवान समेत 2 घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में भांवरकोल थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई। इसमें दो युवक घायल हो गए। पंकज सिंह यादव के सीने के दाहिने हिस्से में गोली लगी है। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी स्थित बीएचयू रेफर कर दिया गया।
पंकज प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। वहीं, राघवेश यादव के पैर और कान में गोली लगी है। राघवेश सीआईएसएफ में जवान हैं। उनकी तैनाती झारखंड में है। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सुखडेहरा गांव में यादव परिवार के लोग क्रिकेट खेलकर लौट रहे थे। रास्ते में राय परिवार के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सुखडेहरा निवासी सर्वेश राय उर्फ सिट्टू और आशुतोष राय उर्फ बिट्टू ने फायरिंग कर दी। इसमें पंकज और राघवेश घायल हो गए। दोनों आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं।
आरोपी आशुतोष राय उर्फ सीटू और सर्वेश राय उर्फ बिट्टू
एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया- दोनों आरोपी भांवरकोल थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजीव कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई।

एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया-घायलों के परिजनों से प्रार्थना पत्र मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गई हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस विवाद के कारणों की जांच कर रही है।